Video

Advertisement


केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड में बहेगी विकास की गंगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
bhopal,   Ken-Betwa Link Project, Bundelkhand
भोपाल । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखंड के हर खेत को पानी मिलेगा। इससे क्षेत्र में समृद्धि आएगी। किसान अपने खेतों को समृद्ध बनायें और किसी हालत में अपनी कृषि भूमि न बेचें। केन-बेतवा लिंक परियोजना से आने वाला समय कृषि के लिये बहुत लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि किसानों का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। मध्य प्रदेश में खेती के साथ साथ पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। पशुपालन के माध्यम से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गौशाला खोलने के लिए राज्य सरकार अनुदान दे रही है। मध्य प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में नंबर वन बनाने का कार्य किया जाएगा।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को सागर जिले की तहसील बण्डा में सांदीपनि विद्यालय भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर 50.65 करोड़ रुपये के 16 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही सागर जिले की बहुप्रतीक्षित लांच नदी परियोजना की स्वीकृति की घोषणा की। शाहगढ़ में सिविल अस्पताल बनाने, बण्डा में सर्वसुविधा युक्त स्टेडियम, सिविल अस्पताल, बण्डा में पोस्टमार्टम हाउस, बण्डा क्षेत्र में राखसी, चकेरी, विनेयका में भवन विहीन स्कूलों के लिए भवन बनाने की घोषणा भी की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश को देश का नम्बर वन प्रांत बनाने के लिए सभी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। दानवीर डॉ. हरीसिंह गौर द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाया गया। विद्यार्थियों के हित में वीरांगना अवंति बाई लोधी विश्वविद्यालय प्रारंभ कर नई सुविधा उपलब्ध करवाई गई। शीघ्र ही कृषि के क्षेत्र में बुंदेलखंड पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ देगा। सागर जिले सहित सागर संभाग के सभी जिलों में विकास की गंगा बहेगी।


उन्होंने कहा कि तहसील मुख्यालय बण्डा में आज लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से नव निर्मित सर्वसुविधा युक्त सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण किया गया है। इस विद्यालय में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। बण्डा क्षेत्र में सर्वसुविधा युक्त स्कूल भवन के निर्माण से इस क्षेत्र के विद्यार्थियों को सीधा लाभ होगा। बण्डा में बने सांदीपनि विद्यालय का भवन बहुत ही अद्भुत और सर्व-सुविधा युक्त है। सांदीपनि विद्यालय परियोजना मध्य प्रदेश शासन की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जो गरीब वर्ग के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विज़न के साथ प्रारंभ की गई है।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा ही किसी देश की मजबूती का आधार है। बेहतर शिक्षा के बूते ही भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा गणतंत्र बनकर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मध्य प्रदेश सरकार बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए उन्हें उच्च-गुणवत्ता युक्त शिक्षा और सभी सुविधाएँ प्रदान करने के लिए संकल्पित है। प्रदेश में संचालित सांदीपनि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के केंद्र बनकर उभरे हैं।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों के हित में भावान्तर योजना लागू की गई है। भावांतर जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए वित्तीय साधन आड़े नहीं आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली उज्जैन सहित अनेक ऐसे स्थानों को तीर्थ स्थल बनाने का निर्णय लिया गया है, जहां कृष्ण कन्हैया के चरण पड़े। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की धरती साहस और शौर्य की भूमि है। स्वतंत्रता की प्राप्ति के लिए यहां संघर्ष का इतिहास है। यहां आज आनंददायक वातावरण है। हाल ही में होटल ओबेराय के माध्यम से छतरपुर और पन्ना के मध्य पर्यटन विकास का महत्वपूर्ण कदम उठाया है।


कार्यक्रम को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद राहुल सिंह लोधी एवं विधायक वीरेन्द्र सिंह ने भी संबोधित किया। समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा सागर जिले की बंडा तहसील के ग्राम क्वायला के शहीद राजेश यादव के पिता को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने बण्डा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लिधौरा की मूल निवासी क्रिकेटर क्रांतिगौड़ के पिता को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्रीगण धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी व लखन सिंह लोधी, विधायकगण गोपाल भार्गव व प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत सहित जन-प्रतिनिधि, अधिकारी, नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।


उत्कृष्ट प्रतिभागियों का सम्मान और हितलाभ वितरण
मुख्यमंत्री ने बण्डा में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेली वाद्ययंत्र और बुंदेली प्रस्तुतियां प्रस्तुत करने वाले कलाकारों की सराहना की। उन्होंने कलाकारों को गले लगाकर आशीर्वाद दिया।

 

Kolar News 24 November 2025

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.