राजगढ़ । मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय राजगढ़ में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने प्रदेश के विकास, जलसंपदा और आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। राज्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब मध्यप्रदेश की धरती जल स्रोतों से वंचित और बंजर कही जाती थी, लेकिन अब परिदृश्य बदल चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 50 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही है, और सरकार का लक्ष्य है कि साल 2028 तक इसे 100 लाख हेक्टेयर तक पहुँचाया जाए।
कार्यक्रम की शुरुआत “मध्यप्रदेश गान” से
स्थापना दिवस का शुभारंभ मधुर “मध्यप्रदेश गान” से हुआ। इसके बाद पूरे समारोह के दौरान “जय मध्यप्रदेश” के नारों से सभागार गूंज उठा। राज्यमंत्री पंवार ने इस अवसर पर कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने राज्यों की सीमाएँ भाषा और संस्कृति के आधार पर निर्धारित की थीं। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासनकाल में यह क्षेत्र सेंट्रल प्रोविंसेज कहलाता था, लेकिन आज मध्यप्रदेश अपनी स्वयं की पहचान और गौरव के साथ एक विकसित राज्य के रूप में उभरा है।
मध्यप्रदेश का भूगोल भगवान नंदी जैसा
राज्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्यप्रदेश का भौगोलिक आकार भगवान नंदी के समान दिखाई देता है, जो हमारी संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक धरोहर का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास का यह सफर केवल सरकार की नीतियों से नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी और परिश्रम से संभव हुआ है।
राजगढ़ जिले के संदर्भ में बोलते हुए उन्होंने कहा, “कभी यह भूमि बंजर मानी जाती थी, लेकिन अब जिले की एक-एक इंच भूमि सिंचित हो चुकी है। सरकार ने यहाँ नहरों का जाल बिछाकर किसानों के खेतों तक पानी पहुँचाने का कार्य किया है, जो मध्यप्रदेश की प्रगति और आत्मनिर्भरता का साक्ष्य है।”
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। छात्राओं ने मालवी लोक संस्कृति पर आधारित नृत्य एवं गीतों के माध्यम से प्रदेश की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने छात्राओं के प्रदर्शन पर तालियों से स्वागत किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में विभिन्न स्व-सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए।
इनमें विश्वास महिला संकुल स्तरीय संगठन खिलचीपुर, बालाजी महिला स्व-सहायता समूह सहित अन्य समूहों ने भाग लिया। समूह की महिलाओं ने हस्तनिर्मित वस्त्र, खाद्य सामग्री, सजावट उत्पाद और हस्तशिल्प वस्तुओं का प्रदर्शन किया। उपस्थित जनसमूह ने इन उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई, जिससे महिलाओं के आत्मनिर्भरता प्रयासों को सराहना मिली।
स्थापना दिवस कार्यक्रम में जिले के अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक अमरसिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, एसपी अमित तोलानी, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद साहू, प्रताप मंडलोई, देवीसिंह सौंधिया, मनोज हाड़ा, दीपेंद्रसिंह चौहान, अमित शर्मा और मनीष जोशी सहित बड़ी संख्या में नागरिक व छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षा विभाग द्वारा किया गया और समापन पर जिला शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।