मंदिर पर हरा झंडा और मूर्तियों पर कपड़ा डालने से हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच
छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के सोनपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक मंदिर परिसर में हरा झंडा फहराने और प्रतिमाओं पर हरे रंग का कपड़ा डालने की घटना से गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने मंदिर में यह स्थिति देखी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। अमरवाड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झंडा और कपड़ा हटवाए और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के पास एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के समय पर पहुंचने के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और हालात नियंत्रित रहे। मंदिर परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, वहीं ग्रामीणों से भी पूछताछ जारी है।
छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लाइन बल और आसपास के थानों की पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया है और जांच के बाद दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।