सभी देश आतंकवाद के विरुद्ध एक साथ कार्यवाही करें
एमपी के राज्यपाल रामनरेश यादव ने कहा है कि वर्तमान समय में विश्व के अधिकांश देश को आतंकवाद से बहुत बड़ा खतरा हो गया है। आतंकवादी हर देश के सामरिक और सामाजिक ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। आतंकवाद को खत्म करने के लिए सभी देश को समन्वय और सहयोग के साथ कार्यवाही करना चाहिए। राज्यपाल यादव रक्षा महाविद्यालय, भारत सरकार रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली के मध्यप्रदेश भ्रमण पर आये वरिष्ठ अधिकारियों के दल को संबोधित कर रहे थे। नेवी के एडीएम श्री डी.एम. सुडन के नेतृत्व में आये 16 सदस्यीय दल में से 5 अधिकारी साउथ कोरिया, अफगानिस्तान, बंगला देश, ब्रिटेन और कीनिया के हैं। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री अजय तिर्की उपस्थित थे।राज्यपाल श्री यादव ने कहा कि प्रत्येक देश की सीमाओं की दृष्टि से वहाँ की सेना का अपना महत्व और दायित्व होता है। प्राकृतिक आपदा के समय बचाव और राहत कार्यों के लिए सैन्य बलों द्वारा की जा रही त्वरित कार्यवाही से लोगों में उनके प्रति विश्वास बढ़ा है। राज्यपाल श्री यादव को दल ने स्मृति-चिन्ह भेंट किया। राज्यपाल ने भी एडीएम श्री सुडन को स्मृति-चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण संचालक अशोक भाटिया ने दल की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। संचालन सह प्रशिक्षण संचालक राजेश तिवारी ने किया।