Advertisement
भोपाल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पाकिस्तान पर भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान प्रेरित आतंक को समूल नष्ट करने का काम किया है। अलगाववाद, नक्सलवाद और आतंकवाद की गतिविधियां होती रहती थी, लेकिन प्रधानमंत्रीजी के कार्यों और नीतियों से नक्सलवाद और आतंकवाद को लगभग समाप्त कर दिया गया है। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने देश के अंदर नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का प्रण लिया है। आज आयोजित सांसद एवं विधायकों का प्रशिक्षण वर्ग हमारी भूमिका को और मजबूत बनाने का कार्य करेगा। उक्त बातें मध्य प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में भाजपा के तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहीं।
उन्होंने कहा कि हम सभी सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल के कार्यकर्ता हैं। यह किसी परिवार, जाति या वर्ग विशेष की पार्टी नहीं है। हमारे लिए जनता की सेवा ही सर्वोपरि है। सांसद, विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री हम सभी एक विशिष्ठ विचारधारा से जुड़े हुए कार्यकर्ता हैं। हमे अपने कार्य के आधार पर जिम्मेदारी मिलती है। जनप्रतिनिधि होने के नाते हम सभी को अपने-अपने क्षेत्र के विकास के लिए क्या और कैसे काम होना चाहिए इस पर विचार करना आवश्यक है। देश के गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमारे मूल विचार यात्रा में हमारे सकंल्प की पूर्ति हुई है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में धारा 370 का हटना, अयोध्या में भगवान श्रीराम जी का भव्य मंदिर बनना गर्व की अनुभूति कराता है। वहीं तीन तलाक से मुस्लिम बहनों को मुक्ति मिल गयी है। भारतीय जनता पार्टी में ही वैचारिक प्रशिक्षण की परंपरा है, हम उसको आगे बढ़ाते हुए सुशासन की दिशा में अपनी भूमिका का निर्वहन कैसे करें इसको लेकर प्रशिक्षण वर्ग में सैद्धांतिक, व्यवहारिक एवं अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज से तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हो रहा है। इस प्रशिक्षण वर्ग में मध्यप्रदेश से पार्टी के सभी सांसद एवं विधायक उपस्थित हैं। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में हो इतिहास रचा है, उसको लेकर कोई संकोच नहीं है कि केंन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश भाजपा ने यह इतिहास रचा है। इसके लिए मध्यप्रदेश भाजपा आपका हृदय से आभार व्यक्त करती है। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में उद्घाटन और समापन सत्र मिलाकर कुल 14 अलग-अलग रहेंगे, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा।
वहीं, प्रथम सत्र को केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने ‘‘लोक व्यवहार एवं समय प्रबंधन, व्यक्तित्व कौशल’’ विषय पर संबोधित किया, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रवक्ता व विधायक अर्चना चिटनीस ने की। द्वितीय सत्र को केन्द्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ‘‘विकसित भारत-मोदी सरकार के परिवर्तनकारी कदम’’ विषय पर संबोधित किया, जिसकी अध्यक्षता केन्द्रीय मंत्री डीडी उइके ने की। तृतीय सत्र में तीन समानान्तर सत्रों को केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटिक, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल एवं सांसद सुधीर गुप्ता ने संबोधित किया। इसके साथ ही उक्त वर्ग में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आज मुख्य उद्बोधन हुआ है और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को उनका पाथेय मिला है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |