भोपाल । कर्नल सोफिया कुरैशी पर मंत्री विजय शाह का विवादित बयान और उसका विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। विपक्ष इस पूरे मामले काे लेकर आक्रामक बना हुआ है। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मंत्री के विरुद्ध अपराध दर्ज हुआ, अब उनकी गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन का दौर जारी है। गुरुवार काे प्रदेश भर में महिला कांग्रेस ने मंत्री शाह की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी काे लेकर विराेध प्रदर्शन किया। राजधानी भोपाल में विजय शाह के श्यामला हिल्स स्थित बंगले के बाहर महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
मंत्री विजय शाह के बंगले पर प्रदर्शन करने जा रही महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उमा भारती के आवास में पास रोक लिया। वे हाथ में सोफिया कुरैशी के पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रही थी। श्यामला हिल्स स्थित उनके बंगले पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए । बड़ी संख्या में बैरिकेडिंग भी की गई है, ताकि महिलाओं को मंत्री के घर तक जाने से रोक दिया जाए। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में पहुंचीं महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मंत्री के इस्तीफे की मांग की। विभा पटेल ने कहा कि हम भी सोफिया कुरैशी हैं क्या हम आतंकवादी हैं? देशभर में लोग शाह को तत्काल मंत्री पद और भाजपा से बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि, 'हमारे साथ खड़ी एक-एक बहन सोफिया कुरैशी है। विजय शाह को मंत्री पद से बर्खास्त करना चाहिए। उन्हें पार्टी से भी निकालना चाहिए ताकि महिलाओं और सेना का सम्मान बरकरार रहे।'
सेंधवा में गुरुवार को महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता दोपहर 12:30 बजे किला परिसर स्थित विधायक कार्यालय से रैली निकालकर किला गेट चौराहे पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री विजय शाह का पुतला जलाया और उनके खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम आशीष को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शाह को मंत्री पद से बर्खास्त करने और पार्टी से निष्कासित करने की मांग की गई। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सुभद्रा परमार ने कहा कि जब पूरा देश आतंकवादी संगठनों के खिलाफ सेना की कार्रवाई पर गर्व कर रहा है, तब मंत्री विजय शाह सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी से महिलाओं और सेना दोनों का अपमान हुआ है। परमार ने चेतावनी दी कि अगर सरकार जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो महिला कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी। कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पोरलाल खरते, राजेंद्र गाडवे, प्रिंस शर्मा, अमित गुर्जर, शिवकुमारी यादव और उषा सैनी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
मंत्री शाह के बयान के विरुद्ध कांग्रेस ने महू में भी धरना दिया। महू में ही मंच से उन्होंने यह शर्मनाक बयान दिया था। मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने कहा कि जब देश के 140 करोड़ देशवासी एकजुट है। सभी पाकिस्तान के विरोध में हैं। ऐसे समय में मंत्री विजय शाह का शर्मनाक बयान देना भाजपा के चार चरित्र को बताता है। भाजपा नकली राष्ट्रवादी है। यदि असली होती तो विजय शाह का इस्तीफा होता एवं उन्हें पार्टी से भी बाहर कर दिया जाता।
मुरैना में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मंत्री विजय शाह का पुतला फूंक कर उनके इस्तीफे की मांग की गई। इंदौर में कांग्रेसजनों द्वारा प्रदर्शन किया गया। नारायणगढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा मंत्री विजय शाह का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की गई। बैतूल में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मंत्री विजय शाह का पुतला फूंक कर उनके इस्तीफे की मांग की गई। छिंदवाडा में महिला कांग्रेस द्वारा पुतला दहन किया गया। खरगोन में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मंत्री विजय शाह के विरुद्ध प्रदर्शन कर उनके इस्तीफे की मांग की गई। बुरहानपुर में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदर्शन कर इस्तीफे की मांग की गई। मंदसौर में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मंत्री विजय शाह का पुतला फूंक कर उनके इस्तीफे की मांग की गई।