भोपाल/इंदौर । भोपाल और इंदाैर में गुरुवार काे भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने नेशनल हेराल्ड केस को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी का पुतला भी जलाया।
भाेपाल में लिंक राेड पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के करीब भाजपा युवा माेर्चा ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन काे देखते हुए बडी संख्या में पुलिसबल माैजूद रहा। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। वहीं, कार्यकर्ता ने राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर दोनों नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने कहा कि कांग्रेस इस देश में भ्रम और झूठ फैलाने का प्रयास कर रही है। उनके खिलाफ मामला दर्ज है और जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस नेता सड़क पर उतरकर जांच एजेंसियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, जांच एजेंसियों पर दबाव बनाकर कांग्रेस नेता उस भ्रष्टाचार की जांच से बचने की कोशिश कर रहे हैं, जो उन्होंने किया है। यह उनका झूठा प्रयास है। इसी के खिलाफ युवा मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर राहुल गांधी और सोनिया गांधी का पुतला दहन किया है। देश के सामने सच्चाई आनी चाहिए।
वैभव पवार ने आगे कहा, नेशनल हेराल्ड में 2000 करोड़ रुपए से अधिक का घोटाला हुआ है। उससे बचने के लिए कांग्रेस नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं। आम जनता को यह समझना चाहिए कि नेशनल हेराल्ड में किस तरह की गड़बड़ी हुई है। बेचने वाले भी वही हैं और खरीदने वाले भी वही। नेशनल हेराल्ड में बड़ी हेराफेरी हुई है। एजीएल और यंग इंडिया—दोनों कंपनियों में एक ही व्यक्ति अध्यक्ष है। यह देश का पहला ऐसा मामला है जिसमें बेचने और खरीदने वाले एक ही पक्ष से हैं। इसकी पूरी तरह से जांच होनी चाहिए। अगर वे लोग ईमानदार हैं, तो उन्हें सड़क पर उतरने की बजाय कोर्ट में जाकर अपने जवाब पेश करने चाहिए।
इंदाैर में 'चोर मचाए शोर' के लगाए पोस्टर
इंदौर के राजवाड़ा पर बीजेपी युवा मोर्चा ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा ने पुतला दहन से पहले राजवाड़ा पर उस पुतले की परिक्रमा करवाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी मुर्दाबाद और राहुल गांधी चोर है के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी देश को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। वहीं, पुतले पर चोर मचाए शोर और नेशनल हेराल्ड से जुड़े पोस्टर भी चिपकाए गए।
इंदौर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने कहा कि ईडी देश की एक सर्वोच्च संस्था है, जो बड़े घोटालों को उजागर कर रही है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर घोटाले के आरोप उनकी ही सरकार के समय दर्ज किए गए थे। अब जब ईडी सही दिशा में जांच कर रही है, तब ये दोनों ईडी कार्यालय जाकर अधिकारियों को धमकाने और जांच को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने देश को लूटने का काम किया है। आज इंदौर में युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया। आलाकमान के निर्देश पर प्रदेशभर में अलग-अलग स्थानों पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुतला दहन का आयोजन किया जा रहा है।
इंदौर में कांग्रेस ने ईडी कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
इधर, कांग्रेस ने भी इंदौर में आज ईडी कार्यालय के बाहर जाकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में आज ईडी कार्यालय के बाहर पिंजरे में प्रतीकात्मक तोते लटकाएं। प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल ने बताया कि मोदी सरकार के कहने पर जिस तरह ईडी द्वारा दुर्भावना पूर्ण कार्यवाही नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्ज शीट पेश की गई है, वो निश्चित ही यह दर्शाती है कि ईडी मोदी सरकार का तोता हो गई है। जिस तरह तोते को सिखाया जाता है, वैसे ही तोता बोलता है। ठीक इसी प्रकार ईडी मोदी सरकार के कहने पर कार्यवाही कर रही है।