Video

Advertisement


विजन डाक्यूमेंट के आधार पर अपने-अपने विधानसभा को उत्कृष्ट बनाएं विधायकः मोहन यादव
bhopal, MLAs s  respective assemblies, Mohan Yadav
भोपाल । मुख्यमंत्री निवास पर मंगलवार देर शाम भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सभी विधायकों को अपने-अपने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अगले चार वर्षों में किए जाने वाले विकास कार्यों का विजन डाक्यूमेंट बनाना है। सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के विजन डाक्यूमेंट को धरातल पर उतारकर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करें।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार मिलकर प्रदेश को आगे ले जाने का कार्य कर रही है। वर्ष 2023 के आधार पर देखा जाए तो मध्य प्रदेश में इस वर्ष 350 रुपये प्रति क्विंटल अधिक दर पर गेहूं की खरीदी की जाएगी। भाजपा ने जनता से जो वादे किए हैं, सभी पूरे किए जाएंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार मध्य प्रदेश के सर्वांगीण विकास के साथ आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने के लिए कार्य कर रही है। भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास और कल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाएं और कांग्रेस द्वारा लगाए जाने वाले झूठे और मिथ्या आरोपों को तथ्यों के साथ जवाब दें। कांग्रेस सदन में भी मिथ्या आरोप लगाकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का कार्य करेगी, लेकिन वह अपने मंसूबों में सफल नहीं होगी। मध्य प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया गया है।


क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए जनता को वैचारिक और आध्यात्मिक रूप से और मजबूत बनाएं। मध्य प्रदेश मॉडल प्रदेश है, इसे आप सभी जनप्रतिनिधि अपने उत्कृष्ट कार्यों से देश का नंबर एक राज्य बनाएं। उन्होंने कहा कि आप सभी कार्यकर्ता जमीन से जुड़े हुए हैं। आप सभी व्यवस्था परिवर्तन के लिए जनता की सेवा और देश की सेवा के लिए कार्य कर रहे हैं। सभी जनप्रनिधिगण स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर अपने क्षेत्र के संपर्क विकास के कार्यों को और आगे बढ़ाएं।


जामवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास से जिले का और जिलों के विकास से संपूर्ण मध्य प्रदेश का विकास और तेज गति से होगा। भाजपा के सभी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के साथ प्रदेश और देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। आप सभी अपने-अपने क्षेत्र के विकास और जनता के कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे, उससे प्रदेश और देश भी आगे बढ़ेगा। जनता के लिए भाजपा सरकारों द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो और सभी पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ मिले, इस दिशा में भी आप सभी को ध्यान देना चाहिए।


प्रदेश का संपूर्ण विकास भाजपा सरकार की ताकतः विष्णुदत्त शर्मा
 
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन देश के लिए बहुत उपयोगी है, इसे अभियान बनाकर आमजन के बीच जाएं। जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पंचायतों में इस संबंध में सार्थक चर्चा करवाएं, जिससे इसकी अच्छाइयों के बारे में जनता को पता चल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मंडल से लेकर जिलाध्यक्षों तक की निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है और अब आगे की संगठन रचना पर हम सबको काम करना होगा। ऐसे कार्यकर्ता जिन्होंने पांच वर्ष तक अपने-अपने मंडलों में अच्छा कार्य किया है उन्हें चिन्हित कर आगे की जिम्मेदारी देना होगा। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है वह सिर्फ झूठ और छलकपट की राजनीति कर रहा है। इसलिए विपक्ष के झूठे वादों का जवाब हमें सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों से पूरी ताकत से देना होगा। विकास ही हमारी ताकत है, यह बात जनता तक पहुंचनी चाहिए।


जीआईएस में आए 30.77 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव विकास की गारंटीः डॉ. महेन्द्र सिंह
 
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में अभी जीआईएस संपन्न हुई है जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। दुनिया भर के उद्योगपति यहां जुटे और 30.77 लाख करोड़ के आए निवेश प्रस्ताव बता रहे हैं कि मध्य प्रदेश में विकास की कितनी संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने दो महीने पहले केन-बेतवा लिंक परियोजना की आधारशिला रखी थी। सत्ता और संगठन जब मिलकर काम करते हैं तो प्रदेश ही नहीं देश का समुचित विकास होता है। आज मैं सदन में भी गया था और आज की कार्यवाही देखकर मन बहुत आनंदित हुआ। सदन में सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों को रखें, जिससे जनता के बीच यह बात पहुंच सके कि भाजपा सरकार ही प्रदेश का समुचित विकास कर सकती है।


भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी हम सभी के आदर व श्रद्धा के केंद्र हैं। भाजपा इस वर्ष श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्मशताब्दी वर्ष मना रही है। श्रद्धेय अटल जी के जन्मशताब्दी वर्ष में कविता पाठ, विचार गोष्ठियां, संवाद, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ उनकी स्मृतियों को साझा कर उनकी स्मृतियों को चिर स्थाई बनाने का कार्य करें। वन नेशन, वन इलेक्शन के बारे में आमजन एवं विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उसके बारे में विस्तार से चर्चा करें और जनता को बताएं कि यह देश के लिए क्यों आवश्यक है। बैठक का संचालन विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया एवं आभार विधायक शैलेन्द्र जैन ने व्यक्त किया।

 

 

Kolar News 12 March 2025

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.