Video

Advertisement


दिल्ली में भाजपा स्पष्ट बहुमत ला रही : ज्योतिरादित्य
gwalior, BJP ,Jyotiraditya
ग्वालियर । दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बनाने जा रही है। केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम पर कहा कि मैंने दिल्ली से निकलने से पहले ही कह दिया था कि सिर्फ 12 घंटे इंतजार कीजिए, भाजपा दिल्ली में स्पष्ट बहुमत ला रही है। शुरुआती रुझान में वही देखने को मिल रहा है।
 
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शनिवार को ग्वालियर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान संसद में पेश किए गए आम बजट की बारीकियों को लेकर भी मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बजट को देश को आत्मनिर्भर बनाने वाला और भारत को विश्वगुरु बनाने में नींव का पत्थर साबित होने वाला बताया। उन्होंने कहा कि 2027 तक देश को विश्व की तीसरी बड़ी इकॉनामी बनाने के लक्ष्य की ओर भारत चल पड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का यह बजट गरीब, अन्नदाता, महिलाओं और युवाओं पर केन्द्रित है। उन्होंने कहा कि विश्व की विकास की दर देखे तो पिछले साल ही विश्व की विकास दर 3.2 प्रतिशत थी और भारत की विकास दर 6.50 प्रतिशत थी। इस लिहाज से हम देखे तो भारत विश्व से सौ प्रतिशत अधिक की विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है।
 
उन्होंने कहा कि हमारे देश में यूपीए सरकार के समय तक बैंकों में एनपीए 11.3 प्रतिशत था। आज मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण एनपीए घटकर 2.6 प्रतिशत पर आ गया है। इसमें नौ प्रतिशत की गिरावट देश की मजबूत आर्थिक प्रगति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत का निर्यात 600 बिलियन डालर पहुंच चुका है। वहीं विदेशी मुद्रा की बात की जाए तो पहली बार भारत का विदेशी मुद्रा भण्डार 705 बिलियन डालर पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि देश में विदेशी निवेश में तेजी आई है।

उन्होंन कहा कि देश में पिछले एक साल में अधोसंरचना पर लगभग 11 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जबकि यूपीए की सरकार में अधोसंरचना पर मात्र दो लाख करोड़ का खर्च ही हुआ था। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन हो या राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण, मोदी सरकार में इन पर तेजी से कार्य हुआ है। बीते साल में 17 वंदे भारत ट्रेनें प्रारंभ हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि दूरसंचार सेवाओं के विस्तार के मामले में भी भारत में तेजी से प्रगति हो रही है। हमने बहुत ही कम समय में देश के 10 हजार 900 गांवों को कवर कर लिया है। भारत में जहां मोबाइल फोन का 90 प्रतिशत तक आयात होता था आज भारत फोन के निर्यात के मामले में विश्व का अग्रणी देश बन गया है। हमारे यहां से 90 प्रतिशत देशों को अब फोन का निर्यात हो रहा है। पिछले साल एक लाख 28 हजार करोड़ रुपये के फोन हमारे देश से निर्यात हुए हैं। कृषि क्षेत्र में 3.50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
 
िि ने एक सवाल के जवाब में कहा कि देश में बेरोजगारी की दर में कमी आई है। वर्ष 2014-15 में देश की बेरोजगारी की दर छह प्रतिशत थी, जो आज सिमटकर तीन प्रतिशत पर आ गई है। वहीं, कृषि पर जहां केवल 22 हजार करोड़ रुपये खर्च होते थे, आज यह बजट एक लाख 22 हजार करोड़ का हो गया है। मोदी सरकार में यह 5.5 गुना बढ़ चुका है। देश को दलहनों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। मध्य प्रदेश इसमें बड़ी भूमिका निभाएगा। प्रदेश में सर्वाधिक दलहन का उत्पादन हो रहा है।
 
उन्होंने कहा कि 2027 तक भारत विश्व की तीसरी बड़ी इकोनॉमी बने, इसके लिए प्रयास शुरू हो गए हैं। हम जापान और जर्मनी को पीछे छोड़ने के लिए तैयार है। साल 2028 तक हमें देश को पांच ट्रिलियन की इकोनॉमी वाला बनाना है। साथ ही साल 2030 तक छह ट्रिलियन की इकोनॉमी बनाने की ओर हम चल पड़े हैं। यूरिया उत्पादन के लिए तीन प्लांट लग गए हैं। वहीं देश लॉजिस्टिक के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आयकर की सीमा 12 लाख तक किए जाने से मध्यमवर्ग को बड़ा लाभ हुआ है। अब मध्यम वर्गीय को 12 लाख तक की आय पर कोई टैक्स नहीं देना होगा। बीमा के क्षेत्र में एफडीआई बढ़ाकर 100 प्रतिशत कर दिया है।
Kolar News 8 February 2025

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.