Advertisement
भाेपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दिल्ली की विकासपुरी, उत्तम नगर, नजफगढ़ और मालवीय नगर विधानसभाओं में जनसभा व प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित कर नांगलोई विधानसभा में रोड शो कर भाजपा उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब लगभग 48 घंटों का समय बाकी है। लेकिन इस दौरान हमें सतर्क रहना है। रावण की तरह सोच रखने वाले केजरीवाल फिर नाटक करने आएंगे। ये सोने का मृग दिखाएंगे और सत्ता पर काबिज होंगे। इनकी नीयत खराब है। ये चुनाव जीतने के लिए कई तरह के प्रपंच रचेंगे। लेकिन ये कितने ही षडयंत्र रच लें, आपको इनके झांसे में नहीं आना है। यहां मौजूद हर व्यक्ति ये संकल्प ले कि जब तक आखिरी वोट न पड़ जाए, कमल सिपाही बनकर तैनात रहना है। हर व्यक्ति अपने आपको नरेंद्र मोदी मानते हुए तब तक सक्रिय रहे, जब तक अंतिम वोट न डाल दिया जाए।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा-
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ा है। भारत एक विशाल देश है और दुनिया का सबसे युवा देश भी है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भी है, जहां जनता अपने वोट से सरकार बनाती है। प्रधानमंत्री मोदी ऐसे पहले गैर कांग्रेसी नेता हैं, जिनके नेतृत्व में तीसरी बार कोई गैर कांग्रेसी सरकार केन्द्र में बनी है और ये हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्हाेंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद, सरदार भगत सिंह, सुभाषचंद्र बोस जैसे क्रांतिकारियों ने देश की आजादी, लोकतंत्र की स्थापना के लिए अपने आप को भारतमाता के चरणों में समर्पित कर दिया। दुर्भाग्य से जैसे ही अंग्रेज गए, तो कांग्रेस आ गई। देश की सत्ता एक घर में ही केंद्रित हो गई। इसका दुष्परिणाम यह हुआ कि देश में जब भी प्रधानमंत्री बनता था, वो कांग्रेस के इसी परिवार से बनता था। आम जनता के बीच से कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री नहीं बना। दुर्भाग्य से कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी भी आ गई।
रावण की तरह प्रपंच रच रहे हैं केजरीवाल-
मुख्यमंत्री ने कहा कि माता सीता जब भगवान राम के साथ वनवास काट रही थीं, तब रावण ने माता सीता के हरण के लिए षडयंत्र रचा। उसने स्वर्ण मृग का रूप रखकर भोली-भाली माता सीता को अपनी माया में फंसाया। अपनी माया से भगवान राम और लक्ष्मण जी को कहीं और भिजवा दिया और स्वयं भिक्षा मांगने पहुंच गया। केजरीवाल भी वर्तमान समय का रावण है। इसकी निगाह सत्ता प्राप्ति पर है और इसके लिए ये कई तरह के प्रपंच रच रहा है। अपनी जिद पूरी करने के लिए इसने दिल्ली को कहां से कहां पहुंचा दिया। पहले वह कहता था मैं दो कमरे में रह लूंगा, फ्लैट में रह लूंगा। फिर कहा मैं कोई राजनीतिक दल नहीं बनाऊंगा। कुर्सी हासिल करने के लिए इसने दिल्ली को गर्त में गिरा दिया। आज हर तरफ कचरे के पहाड़ खड़े हो रहे हैं। पानी के अभाव में यमुना जी के आंसू बह रहे हैं। लेकिन ये इतनी मोटी चमड़ी वाले हैं कि इनको कोई फर्क नहीं पड़ता। मगर अब दिल्ली की जनता ने तय कर लिया है कि यहां भी कमल खिलाना है। दिल्ली को दुनिया की सबसे अच्छी राजधानी बनाना है। दिल्ली के विकास के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाना है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |