Video

Advertisement


प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहब अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कियाः विष्णुदत्त शर्मा
bhopal, Prime Minister Modi ,Vishnudutt Sharma
भोपाल । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने रविवार को गणतंत्र दिवस पर भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों एवं कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज का गणतंत्र दिवस हमारे लिए महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने का काम किया है।


उन्होंने कहा कि आज के दिन ही हमारा संविधान लागू हुआ था। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने 11 से 25 जनवरी तक संविधान गौरव अभियान चलाया। प्रधानमंत्री लगातार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर भारत को सशक्त और सक्षम बनाने का प्रयास कर रहे हैं। बाबा साहब के मूल विचारों को जमीन पर उतारने का काम अगर किसी ने किया है, तो वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की केंद्र सरकार ने किया है।


संविधान हमें दायित्वों का स्मरण कराता है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के संविधान के प्रति अपने दायित्वों, कर्त्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। हमें संविधान को और मजबूत बनाते हुए अपने कर्त्तव्यों और जिम्मेदारियों को लेकर आगे बढ़ना है। आज गणतंत्र दिवस पर हम अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे,ताकि हमारा देश मजबूती के साथ आगे बढ़ता रहे।


कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान एवं लोकतंत्र की हत्या करने का महापाप किया
शर्मा ने मीडिया द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में कहा कि दिग्विजय सिंह जैसे लोग 24 घंटे झूठ की रणनीति कर समाज में नकारात्मकता फैलाने का काम करते हैं। दिग्विजय सिंह जैसे व्यक्ति हमें बताएंगे कि बाबा साहब का सम्मान किसने किया है। पूरे देश एवं प्रदेश कि जनता जानती है कि जब दिग्विजय सिंह 10 साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे तो एक भी बार बाबा साहब की जन्मस्थली महू क्यों नहीं गए। दिग्विजय सिंह एवं कांग्रेस के नेताओं ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया। कांग्रेस की सरकार ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र एवं संविधान की हत्या करने का महापाप किया था। राहुल गांधी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू जाने का नाटक कर रहे हैं, उन्हें यहां आने से पहले बाबा साहब से क्षमायाचना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब को सम्मान देने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकारों ने ही किया है। डॉ. अंबेडकर की जन्मस्थली से लेकर उनसे जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का काम भाजपा सरकार के समय ही हुआ है।


इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, वरिष्ठ नेता माखन सिंह चौहान, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, महापौर मालती राय, प्रदेश मंत्री पंकज जोशी समेत सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Kolar News 26 January 2025

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.