Video

Advertisement


प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बदल रहा है देश- डॉ. मोहन यादव
bhopal, Prime Minister Modi , Dr. Mohan Yadav

मुंबई/भाेपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुंबई की कलिना, धारावी, साईन कोलीवाडा एवं घाटकोपर विधानसभाओं में जनसभा, रोड शो, स्थानीय कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश बदल रहा है। हम मुंबईै में हुए आतंकवादी हमले को भूले नहीं हैं। यहां ताज होटल में गोलियां चल रही थी, आतंकवादी हमले कर रहे थे और पाकिस्तान में दिवाली मनाई जा रही थी। हमारी सरकार चुपचाप बैठी थी। लेकिन आज अगर पाकिस्तान में दम है, तो मुंबई जैसा हमला करके बताए, भारत आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारेगा। यह है आज का नया और सशक्त भारत। इस चुनाव में हमें दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक डबल इंजन की सरकार बनाना है।

 

मोदी कहते नहीं, करके दिखाते हैं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में उत्तर से दक्षिण तक और पूरब से पश्चिम तक आज भारतीय जनता पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। पूरी दुनिया के सामने आज भारत एक आदर्श देश बनकर खड़ा है। इसकी वजह यह है कि हमारे नेता मोदी जी जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। उन्होंने ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’’ का नारा दिया। लेकिन ये सिर्फ नारा नहीं है, मोदी और भारतीय जनता पार्टी ने इसे जमीन पर उतारा है।

 

हमारे लिए नेशन फर्स्ट, उनके लिए फैमिली फर्स्ट

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कोई भी कार्यकर्ता, किसी भी पद तक पहुंच सकता है। लेकिन कांग्रेस में एक परिवार के लोग ही बड़े पदों तक पहुंच सकते हैं। इसकी वजह यह है कि हमारे लिए नेशन फर्स्ट है, उनके लिए फेमिली फर्स्ट है। मेरे परिवार का कोई व्यक्ति सांसद-विधायक, मंत्री नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के परिवार का कोई व्यक्ति किसी पद पर नहीं है। लेकिन कांग्रेस में बड़े पदों पर एक परिवार का ही कब्जा है।

 

हम बहनों को पैसे देते हैं तो कांग्रेसी छाती पीटते हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली बहना योजना हमारे सनातन धर्म की उस भावना की प्रतीक है, जिसमें हम मातृशक्ति को सम्मान देते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में 200 से ज्यादा देश हैं, लेकिन हम अपने देश को अपनी माता मानते हैं और भारतमाता की जय बोलते हैं। नवग्रहों में सिर्फ पृथ्वी को ही धरती माता कहा जाता है। हमारे भगवानों के नामों में भी चाहे राधे कृष्ण कहें या सीताराम, सभी में पहले माता का नाम आता है। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम मातृशक्ति का सम्मान करते हैं, बहनों के खातों में जब पैसे डालते हैं, तो कांग्रेस के लोग छाती पीटते हैं। वो कहते हैं अरे क्यों दे रहे हो, क्यों पैसे बर्बाद कर रहे हो। लेकिन माता-बहनों को दिया हुआ कोई भी पैसा बेकार नहीं जाता। एक-एक पैसे का सदुपयोग होगा। लेकिन वही पैसा अगर उन हाथों में जाएगा जो हमेशा जनता पर डाका डालते रहे हैं, जनता को लूटते रहे हैं, तो जरूर बर्बाद होगा।

 

जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम दिल खोलकर जय श्रीराम का नारा लगाते हैं, लेकिन कांग्रेस के लोग उस नारे को सुनकर कुड़कुड़ाने लगते हैं। इस चुनाव में एक तरफ जय श्रीराम बोलने वाले हैं, तो दूसरी तरफ राम के नाम से कुड़कुड़ाने वाले हैं। फैसला आपको करना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा हुई, तो पूरे देश में आनंद छा गया था। लेकिन कांग्रेस के लोग घरों में छिप गए थे। कांग्रेस के लोग प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में तो गए नहीं, आज तक किसी ने मंदिर के दर्शन भी नहीं किए। कांग्रेस और उसके दलों के लोग भगवान राम के दर्शन करने को तैयार ही नहीं हैं। इनको डर है कि अगर जय श्रीराम का नारा लगाएंगे, मथुरा में कृष्ण कन्हैया के मंदिर की बात करेंगे, तो हमारे वोट कट जाएंगे।

 

डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में हमने सारे त्यौहार सरकार के द्वारा मनाना शुरू किया है। पहले रामनवमीं मनाई, अभी हाल ही में गोवर्धन पूजा की। लेकिन इससे कांग्रेसियों के पेट में मरोड़ होने लगी। हमने गीता जयंती मनाने की बात कही, तो ये पूछते हैं क्यों मना रहे हो? आप बताइये जो गीता जी सारी दुनिया को रास्ता दिखा रही हैं, क्या उनकी जयंती नहीं मनानी चाहिए? लेकिन कांग्रेस के लोगों को हमारे धर्म, हमारे देवी-देवताओं से कुछ भी लेना-देना नहीं है। आपको इस चुनाव में कांग्रेसियों और उनके साथियों को यह बता देना है कि जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं।

 

कमल के साथ झूमेगा पूरा महाराष्ट्र

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महाराष्ट्र में महायुति की सरकार ने बीते ढाई साल में अपनी पहचान बनाई है। भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तरप्रदेश से लेकर गुजरात तक और राजस्थान से लेकर उड़ीसा तक कमल के साथ झूम रहा है। ऐसे में महाराष्ट्र कैसे पीछे रहेगा? आने वाले चुनाव में महाराष्ट्र में कमल खिलेगा और पूरा महाराष्ट्र भी कमल के साथ झूमेगा। कमल का फूल देवी महालक्ष्मी का प्रतीक है, इसलिए जहां कमल खिलेगा वहां तो दीपावली मनेगी ही। आप महाराष्ट्र में डबल इंजन की सरकार बनाइये, फिर मैं बाबा महाकाल की धरती पर आपका स्वागत करूंगा। महायुति की प्रचंड विजय का जश्न वहां भी मनेगा और यहां भी।

 

 

 

Kolar News 18 November 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.