Video

Advertisement


हर मतदाता को सदस्य बनाने का संकल्प लेकर मैदान में उतरें पार्टी कार्यकर्ता - डॉ. मोहन यादव
bhopal, Party workers ,Dr. Mohan Yadav

भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को हिन्दी भवन में भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के वार्ड 24 के बूथ क्रमांक 111 की संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के हम सभी कार्यकर्ता पांच निष्ठाओं के आधार पर सदस्य बनते हैं और सदस्य बनाते भी हैं। इन पंच निष्ठाओं में सबसे महत्वपूर्ण है लोकतंत्र की भावना। भारतीय जनता पार्टी इसे करके दिखाती है। देश में लगभग 1500 और दुनिया में अनेक राजनीतिक दल हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही आंतरिक चुनाव से पहले सदस्यता की प्रक्रिया होती है और इस प्रक्रिया के उपरांत ही बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक चुनाव होते हैं। लोकतंत्र की यह भावना ही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाती है। इसलिए भाजपा के कार्यकर्ता सभी मतदाताओं को पार्टी का संकल्प लेकर मैदान में उतरें, सभी कार्यकर्ताओं को मैं सदस्यता अभियान के लिए शुभकामनाएं देता हूं।   

 

कार्यशाला को सदस्यता अभियान के प्रभारी, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी एवं जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया। कार्यशाला के पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बूथ समिति के सभी सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री निवास पर भोजन किया। आज प्रदेश भर में बूथों की संगठन पर्व कार्यशाला संपन्न हुईं। 

 

भाजपा में सहजता से होता है काम का हस्तांतरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसी ने मुझसे पूछा था कि भाजपा और विरोधी दल की लीडरशिप में क्या अंतर है? मैंने उन्हें बताया कि हमारे विरोधी दल में आज भी पहली या दूसरी पीढ़ी के नेता कामकाज देख रहे हैं और 80 से ऊपर की उम्र में भी नेता बने हुए हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी में नए और युवा कार्यकर्ता को ज्यादा महत्व दिया जाता है। युवाओं को अधिक से अधिक जिम्मेदारी दी जाती है। हमारे यहां पार्टी के नेतृत्व और कामकाज को बड़ी सहजता के साथ एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को हस्तांतरण की व्यवस्था है। इसीलिए आज भारतीय जनता पार्टी में चौथी पीढ़ी के कार्यकर्ता पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं।   

 

भाजपा के मूल में है राष्ट्रवाद का विचार

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम राष्ट्रवादी विचारों के लोग हैं। हमारी पंच निष्ठाओं में से पहली निष्ठा राष्ट्रवादी विचारों की है। हम राष्ट्रवाद की केवल बात नहीं करते, बल्कि उसे साकार करके दिखाते हैं। डॉ. यादव ने कहा कि दुर्भाग्य से आजादी के बाद कांग्रेस की केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगा दी, जिससे कश्मीर का झंडा देश से अलग हो गया। वहां का संविधान अलग हो गया । हमारे नेता डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी उस समय केंद्र सरकार में मंत्री थे। उन्होंने कहा कि एक देश में दो निशान, दो विधान नहीं चलेंगे। उन्होंने मंत्री पद को छोड़कर धारा 370 के विरोध में आंदोलन किया और जेल में ही उनकी रहस्यमय तरीके से मृत्यु हो गई। डॉ. यादव ने कहा कि हमारे नेता ने भले ही अपनी शहादत दे दी, लेकिन उन्होंने इस बात को स्थापित कर दिया कि जनसंघ हो या भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, वह करके दिखाती है। देश के लिए अगर जान देने की जरूरत है, तो भारतीय जनता पार्टी के लोग पीछे नहीं हटते। 

 

देश को ताकतवर बनाने के लिए भाजपा का शक्तिशाली होना जरूरीः भगवानदास सबनानी

 

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि भाजपा के हम सभी कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान में प्राणप्रण से जुटकर अधिक से अधिक सदस्य बनाना है, क्योंकि देश को ताकतवार बनाने के लिए यह अत्यंत जरूरी है कि भारतीय जनता पार्टी की शक्ति बढ़ाई जाए। इसलिए अपने परिवार के सदस्यों को भाजपा से जोड़ें, बूथ स्तर पर जो मतदाता पार्टी के सदस्य नहीं बने हैं, उन्हें भी पार्टी से जोड़ें।  सबनानी ने कहा कि हमारे नेतृत्व ने तय किया है कि मध्यप्रदेश के सभी 64871 बूथों पर हम सदस्यता अभियान चलाएंगे और डेढ़ करोड़ से अधिक नए सदस्य बनाएंगे। इसके लिए हमें बूथ स्तर तक पहुंचना होगा। अगर हमने प्रत्येक बूथ पर हमने 251 सदस्य बना लिए, तो प्रदेश के सारे बूथ मिलाकर हम अपना लक्ष्य हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यता के मामले में किसी कार्यकर्ता को भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है। भाजपा में प्रत्येक 6 वर्ष बाद सदस्यता का रिन्युअल होता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सदस्यता लेनी है, साथ ही समाज के हर क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को भी पार्टी से जोड़ना है। सबनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सदस्यता लेने के उपरांत प्रदेश में सदस्यता अभियान शुरू होगा, जो पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान बूथ अध्यक्ष धनराज गाडे़ एवं बूथ महामंत्री देशराज मिश्रा मंचासीन रहे।

Kolar News 31 August 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.