Video

Advertisement


तिरंगा यात्रा में शामिल हुए उप-मुख्यमंत्री
bhopal, Deputy Chief Minister , Tricolor Yatra

भोपाल । उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आज़ादी का अमृतकाल चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत आर्थिक महाशक्ति बन चुका है। आज पूरा देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। आज भारत में बेहतर कार्य करने की अनंत संभावनाएं और अवसर हैं।

 

 

 

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित भोपाल के जयप्रकाश चिकित्सालय परिसर से प्रारंभ हुई तिरंगा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आज़ादी के लिए अपना बलिदान दिया, उसी प्रकार हर नागरिक को भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रण लेना है।

 

 

 

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने इस मौके पर सभी को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं एवं हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होकर उत्साहपूर्वक गर्व से स्वतंत्रता दिवस को मनाने का संदेश दिया। यात्रा प्रातः नौ बजे जयप्रकाश चिकित्सालय परिसर से प्रारंभ होकर चिनार पार्क, बोर्ड ऑफिस चौराहा, नूतन कॉलेज में देशभक्ति की अलख जगाते हुए चार इमली में समाप्त हुई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी और आमजन तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

 

 

 

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं

 

उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों को 78 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने बुधवार को अपने बयान में कहा कि तिरंगा हमारी आन बान-शान का प्रतीक है। जब तिरंगा लहराता है तो देशभक्ति का ज्वार हर नागरिक के दिल और दिमाग़ में स्थापित होता है। देश के प्रति कर्तव्य निर्वहन के संकल्प को मज़बूत करता है। उन्होंने सभी नागरिकों को गर्व से हर घर तिरंगा लहराकर उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस मनाने का संदेश दिया है।

 

 

 

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आज़ादी का अमृतकाल भारत के विश्वगुरु बनने का समय है। हम सब लक्ष्य के अत्यंत नज़दीक पहुँच चुके हैं। आज भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है। आगामी पांच वर्षों में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएँगे। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21 वीं सदी भारत की होगी। केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों में सभी नागरिकों की सहभागिता से वर्ष-2047 तक भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा।

 

Kolar News 14 August 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.