Advertisement
भोपाल । पेरिस ओलिंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारतीय हॉकी टीम भारत लौट आई है। टीम में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे विवेक सागर प्रसाद रविवार सुबह दिल्ली से फ्लाइट द्वारा भोपाल पहुंचे। विवेक का मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मानित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा प्रिय विवेक, आपके अभूतपूर्व खेल से सम्पूर्ण मध्यप्रदेश गौरवान्वित है। आप ऐसे ही अपने खेल से प्रदेश का मान, सम्मान और गौरव बढ़ाते रहें, यही शुभेच्छा है। इस मौके पर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग उपस्थित रहे।
इससे पहले, विवेक सागर का राजा भोज एयरपोर्ट पर भी भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर मंत्री विश्वास सारंग और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने उन्हें रिसीव किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस के डीआईजी एसएएफ मुख्यालय, डॉ. कल्याण चक्रवर्ती, 7वीं वाहिनी के कमांडेंट ने उनका स्वागत किया। विवेक के स्वागत में पूरा एयरपोर्ट ढोल-नगाड़ों से गूंजता रहा। प्रशंसक उनके नाम के नारे लगा रहे थे। एयरपोर्ट से स्वागत रैली टीटी नगर स्टेडियम पहुंची। उनकी मां कमला देवी, पिता रोहित सागर और भाई विद्यासागर भी साथ रहे।
बता दें कि विवेक सागर सोमवार सुबह सुभाष नगर से अशोका गार्डन तक निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ शामिल होंगे। गौरतलब है कि भोपाल पुलिस हेडक्वार्टर में डीएसपी के पद पर पदस्थ विवेक सागर प्रसाद को मध्यप्रदेश सरकार 1 करोड़ रुपए का इनाम देगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |