Advertisement
धार । मध्यप्रदेश में विश्व आदिवासी दिवस पर सरकारी अवकाश नहीं दिए जाने पर सियासत जारी है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मामले को लेकर मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने भाजपा की तुलना ऑस्ट्रेलिया के सबसे जहरीले सांप से की है। उमंग सिंगार शुक्रवार काे विश्व आदिवासी दिवस पर गंधवानी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। सिंघार ने आदिवासी दिवस पर छुट्टी घोषित नहीं करने पर नाराजगी जताई। उन्हाेंने कहा कि दीपावली, दशहरा व मोहर्रम पर अवकाश रखा जाता है, लेकिन आदिवासियों के सबसे बड़े पर्व पर अवकाश नहीं है। भाजपा आदिवासियों का असम्मान करती है, इस दिन का विरोध करती है। भाजपा को वोट आदिवासियों के चाहिए पर सम्मान नहीं करेंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जहरीले सांप की तरह हो गई है। प्रदेश में मोहन यादव की सरकार आदिवासियों को डंसना चाहती है। भाजपा के लोगों की मानसिकता जहरीली हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया में पाए जाने वाले सबसे जहरीले सांप सी मानसिकता भाजपा नेताओं की है। इससे हम सभी को बचाएंगे तथा उनके सम्मान की लड़ाई को जारी रखेंगे। यह आदिवासियों का अपमान है कांग्रेस इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |