Advertisement
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया है। इस दौरान यहां शाम छह बजे तक करीब 78 फीसदी मतदान हुआ है। इस सीट पर नौ प्रत्याशी मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के कमलेश शाह, कांग्रेस के धीरन शाह और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के देवरावेन भलावी के बीच है। यहां मतगणना 13 जुलाई को होगी।
अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए बुधवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 322 मतदान केन्द्रों पर मतदान शुरू हुआ था, जो शाम छह बजे तक चला। कुल 1485 मतदान कर्मियों ने मतदान संपन्न कराया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 62 सेक्टर अधिकारी (रिजर्व सहित) केन्द्रीय पुलिस बल की तीन कंपनियां और जिला पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई थी। अमरवाड़ा के मतदान केंद्र में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) शीलेंद्र सिंह और छिंदवाड़ा एसपी मनीष खत्री ने निरीक्षण किया।
कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह ने आंचलकुंड मतदान केंद्र के बूथ में वोट डाला, जबकि भाजपा प्रत्याशी कमलेश प्रताप शाह ने हर्रई स्थित बांसुरिया कला मतदान केंद्र पर मतदान किया। इधर, अमरवाड़ा के स्कूल में बनाए गए पोलिंग बूथ के बाहर मतदान के दौरान हंगामा हो गया। एक मतदाता की डॉक्यूमेंट्स को लेकर सुरक्षाकर्मियों से बहस हो गई। गोंगपा प्रत्याशी भी मतदान केंद्र पर पहुंच गए। बातचीत के बाद हंगामा शांत हो गया।
वहीं, अमरवाड़ा के मानेगांव ग्राम पंचायत के नांदिया गांव में मूलभूत सुविधाओं को लेकर गांव वालों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। यहां 550 मतदाता हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे, लेकिन कोई आश्वासन नहीं दिया। हर्रई की ग्राम पंचायत सलैया बुलाकी के ग्राम डावरी झील के लोगों ने वोट का बहिष्कार किया। साथ ही ये लोग मतदान स्थल पर रोड नहीं तो वोट नहीं लिखी हुई दफ्ती लेकर पहुंच गए।
गौरतलब है कि 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर अमरवाड़ा से कमलेश शाह जीते थे। लोकसभा चुनाव से पहले वे भाजपा में शामिल हो गए। इस वजह से यहां उपचुनाव हो रहा है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |