Video

Advertisement


क्लीन सिटी के साथ ग्रीन सिटी में इंदौर बनेगा नम्बर वन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
indore, green city , Dr. Yadav

इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को इंदौर स्थित बीएसएफ रेंज क्षेत्र में वृह्द स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए अपनी माताजी की याद में वृक्षारोपण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी माताजी स्व. लीलाबाई पूनमचंद यादव की स्मृति में बड का वृक्ष लगाया। केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अपनी माताजी संतरा यादव की याद में आम का वृक्ष, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी माताजी अयोध्या देवी विजयवर्गीय की याद में आम का वृक्ष लगाया।

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा आदिकाल से इंदौर और उज्जैन का पर्यावरण के महत्व में विशेष संबंध रहा है। मां क्षिप्रा का उद्गम इंदौर से है। 7 नदियों के उद्गम का स्थल इन्दौर ही है। देश एवं दुनिया में इंदौर की विशेष पहचान है। क्लीन सिटी के साथ ग्रीन सिटी में इंदौर अवश्य नम्बर वन बनेगा। आज बीएसएफ रैंज में बडी संख्या में माताएं अपने बच्चों के साथ उपस्थित हुई और वृक्षारोपण किया। प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर देश में एक पेड़ मां के नाम अभियान के माध्यम से वृक्षारोपण किया जा रहा है।

 

 

उन्होंने कहा केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री के प्रयास से मध्य प्रदेश को चीते मिले, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा भारतीय समाज सदैव से प्रकृति पूजक रहा है। भारत की वैदिक परंपराओं में कहा गया है कि 10 कुओं के समान एक सरोवर, 10 सरोवर के समान एक तालाब, 10 तालाब के समान एक पुत्र और 10 पुत्रों के समान एक वृक्ष होता है। ऐसी हमारी वैदिक मान्यता होकर वृक्ष की महत्ता हमारी परम्परा में है। भारतीय समाज सदैव से प्रकृति पूजक रहा है। उन्होंने कहा इंदौर क्लीन सिटी के साथ ग्रीन सिटी बनेगा, इसी संकल्प के साथ पूरा इंदौर इस अभियान से जुड़ा है।

 

 

केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा प्रधानमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ किया। पूरे देश में 140 करोड़ वृक्ष लगाने का महा अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा इस वर्ष गर्मी का प्रचंड रूप 45 से 50 डिग्री तापमान के रूप में देखने को मिला। उन्होंने कहा पूरी दुनिया में विकास और परियोजनाओं को पूरा करने के लिए मनुष्य ने कांक्रिट के शहर तो बसा दिए लेकिन धरती की हरियाली को उजाड़ दिया। मनुष्य कितनी भी तरक्की कर ले लेकिन भोजन, पानी, दवाओं का अंतिम एलिमेंट सहित कई जरूरतें प्रकृति उपहार में देती है लेकिन हम प्रकृति को इसके बदले में क्या लौटाते है। एक मां ने हमें जन्म दिया तथा एक धरती मां हमें जीवन जीने के साधन प्रदान करती है। जीवन देने वाली मां को नमन करने और प्रकृति मां के प्रति सम्मान के प्रति हरी भरी धरती देने के संकल्प को पूरा करना हमारा कर्तव्य है।

 

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा इंदौर के ग्रीन कवरेज को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा 51 लाख वृक्षों के रोपण के साथ इनके संरक्षण हेतु भी विशेष प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने बताया विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं द्वारा वृक्षारोपण करते हुए उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ली जा रही है। इंदौर में जनभागीदारी के साथ अभियान को प्रभावी तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा इन्दौर को ग्रीन कवरेज में नंबर वन बनाएंगे।

 

 

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, मधु वर्मा, रमेश मेंदोला, संभागायुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, बीएसएफ के आईजी सीएसडब्ल्यूटी बी.एस. रावत, महानिरीक्षक सहायक प्रशिक्षण केन्द्र बीएसएफ अश्विन कुमार शर्मा सहित अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं, पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे। आज बीएसएफ रैंज में बडी संख्या में वृक्षारोपण किया गया।

Kolar News 7 July 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.