Video

Advertisement


मप्र के खाते में दूसरी बार कृषि नरेंद्र सिंह तोमर की भूमिका में आए शिवराज
bhopal, Agriculture , Shivraj

भोपाल। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार में नए मंत्रिमंडल के गठन के बाद सोमवार देरशाम मंत्रियों को विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया। यह लगातार दूसरी बार है, जब मध्यप्रदेश से केंद्र में मंत्री को कृषि विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई। शिवराज सिंह चौहान को कृषि की जिम्मेदारी दी गई है। ये विभाग मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में नरेंद्र सिंह तोमर के पास था यानी शिवराज मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्री रहे नरेन्द्र सिंह तोमर वाली भूमिका में आ गए हैं। तोमर के पास भी कृषि मंत्रालय के साथ ही पंचायती राज और ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी थी। अब ये दोनों ही विभाग शिवराज सिंह चौहान को सौंपे गए हैं।

दरअसल, मोदी मंत्रिमंडल में शामिल सभी 71 मंत्रियों को सोमवार देर शाम मंत्रालय का बंटवारा किया गया है। मध्यप्रदेश से बनाए गए तीन कैबिनेट मंत्री और दो राज्य मंत्रियों को भी अलग-अलग मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शिवराज सिंह चौहान को कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालय दिए गए हैं। वहीं, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को संचार मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में उनके पास नागरिक उड्डयन मंत्रालय था, जो इस बार राम मोहन नायडू को दिया गया है। सिंधिया पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्रालय भी संभालेंगे।

मप्र के खाते में तीसरी बार सामाजिक न्याय

केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार खटीक को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी यह मंत्रालय उनके पास ही था। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में इस विभाग की जिम्मेदारी थावरचंद गेहलोत के पास थी। इस प्रकार सामाजिक न्याय मंत्रालय लगातार तीसरी बार मप्र के खाते में आया है।

मप्र से केंद्रीय राज्य मंत्री बनाई गईं सावित्री ठाकुर को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है और केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके को जनजातीय मामलों के मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल मुरूगन को सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

किसान कल्याण सरकार की प्राथमिकताः शिवराज

मंत्रालयों के बंटवारे के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कृषि और किसान कल्याण का काम चल रहा है। पिछले 10 साल में सरकार ने बेहतर काम किया है। अपने संकल्प पत्र में हमने किसान कल्याण, ग्रामीण विकास के बारे में अपना रोडमैप बनाकर दिया है, हम इन्हीं कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री की प्राथमिकता किसान कल्याण है, इसलिए आज उन्होंने सबसे पहले किसान सम्मान निधि की किस्त जारी करने की फाइल पर हस्ताक्षर किए।

मुख्यमंत्री ने मंत्रालय बंटवारे के बाद मंत्रियों को दी बधाई

 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केन्द्रीय मंत्रियों को मंत्रालयों के बंटवारे के बाद कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मंत्रिमंडल में मध्यप्रदेश के जो छह मंत्री बने हैं, सभी को मेरी ओर से बधाई। देश में अब तेजी से विकास होगा।

Kolar News 11 June 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.