Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव चार चरणों में संपन्न हो चुका है। चुनाव संपन्न होने के बाद भी राजनेता अपनी पार्टी के घोषणा पत्रों काे लेकर कई तरह के दावे कर रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक बार फिर कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के न्याय पत्र को देश की जनता के लिए ऐसा फिक्स डिपॉजिट बताया है जिसमें जनता आज अपना वोट जमा कर रही है और आने वाले कई वर्ष तक कई गुना रिटर्न प्राप्त करती रहेगी।
कमलनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कांग्रेस पार्टी का न्याय पत्र देश की जनता के लिए ऐसा फिक्स डिपॉज़िट है, जिसमें जनता आज अपना वोट जमा कर रही है और आने वाले कई वर्ष तक कई गुना रिटर्न प्राप्त करती रहेगी। उन्होंने कहा कि आपका एक वोट नौजवानों को 30 लाख सरकारी नौकरियां, स्नातकों को 8500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड, ग़रीब महिलाओं को हर वर्ष एक लाख रुपया, किसानों को MSP की गारंटी और देश के नागरिकों को हर महीने 10 किलो मुफ़्त राशन दिला सकता है। आपका एक वोट जातिगत जनगणना के आधार पर सामाजिक न्याय सुनिश्चित कर सकता है। आपका एक वोट संविधान बदलने की साज़िश करने वालों को सबक़ सिखा सकता है।
कमलनाथ ने आगे कहा कि आपका यह वोट सिर्फ़ कांग्रेस पार्टी या इंडिया गठबंधन के लिए नहीं है, बल्कि आपके वर्तमान और आपके बच्चों के भविष्य के लिए है। देश की जनता ने इस लोक सभा चुनाव को भविष्य निर्माण और राष्ट्र निर्माण का चुनाव बना दिया है। जय कांग्रेस। विजय कांग्रेस॥
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |