Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की लगातार बिगड़ती हालत के लिए अब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसके लिए अपने कार्यालय के वास्तुदोष को दोषी माना है, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें आड़े हाथों लिया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख आशीष ऊषा अग्रवाल ने व्यंग्य की भाषा में कांग्रेस के लिए कहा है कि लोकसभा चुनाव में उसे अपनी हार स्पष्ट नजर आ रही है, इसलिए हार का ठीकरा कार्यालय के वास्तुदोष पर फोड़ने की तैयारी हो चुकी है।
दरअसल, इस मामले में एक दिन पूर्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, राजधानी स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय वस्तु एक्पर्ट के साथ पहुंचे थे, वहीं उन्होंने कुछ बदलाव करने के लिए निर्देश दिए और मीडिया में भी इससे संबंधित उनका वक्तव्य आया। उसके बाद से भी भाजपा प्रदेश में कांग्रेस पर हमलावर है।
इसी संदर्भ में गुरुवार को आशीष ऊषा अग्रवाल ने एक्स(ट्वीटर) पर लिखा, ‘’निकम्मी, नाकारा ,निर्लज, नेतृत्वहीन कांग्रेस को लोकसभा चुनाव रूझान के बाद, अपने कार्यालय में वास्तुदोष नजर आ रहा है। अब जीतू पटवारी को हार का ठीकरा फोड़ने के लिए कोई ना कोई दोष तो निकालना ही पड़ेगा, लेकिन जनता जानती है कि ‘‘ये कोई वास्तु दोष नहीं, कांग्रेस की नियत का खोट है’’।
आगे उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की हार के मुख्य कारण गिनाए हैं। आशीष अग्रवाल का कहना है कि लोकसभा चुनाव के रूझान बता रहे हैं कि इस बार प्रदेश से कांग्रेस का सफाया हो रहा है...जो कांग्रेस, किसानों का कर्जमाफ नहीं करती,आदिवासियों को अपमानित करती है, महिलाओं में रस ढुंढती है, युवाओं को निकम्मा कहती है,परिवारवाद, वशंवाद तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति करती है । उस 'कांग्रेस की हार का ठीकरा इस बार ईव्हीएम के साथ वास्तुदोष पर भी फूटने वाला है'।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस लगातार कमजोर पड़ रही है। विधानसभा चुनाव 2023 में मध्य प्रदेश में सरकार बनाने का दावा कर रही कांग्रेस को करारी हार का सामना करने के बाद लोकसभा चुनाव में भी एक के बाद एक पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और मौजूदा विधायकों को खोना जारी है। अब 230 सदस्यों की मप्र विधानसभा में कांग्रेस के पास 64 विधायक ही रह गए हैं। इस संबंध में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख आशीष अग्रवाल का कहना यही है कि कांग्रेस की नीति और जनता के बीच खो रहे विश्वास के चलते विचारवान नेता कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि देश से कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो रहा है, ऐसा जान पड़ता है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |