Advertisement
भोपाल। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अग्रिम जमानत पर जेल से बाहर आए हैं। जेल से निकलने के बाद से ही वे हमलावर हो गए हैं और केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए जमकर बयानबाजी कर रहे हैं। अब उनके इन आरोपों पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि अरविंद केजरीवाल जेल में पहुंचने के बाद अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। अभी बेल पर हैं और केवल चुनाव तक के लिए हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मीडिया को दिए अपने बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के हम कार्यकर्ताओं के लिए राजनीति पद प्राप्ति या स्वार्थों की सिद्धि का माध्यम नहीं है। देश की सेवा के लिए हम राजनीति करते हैं और जनता की भलाई और विकास के लिए हम राजनीति करते हैं। राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का महाआंदोलन अभियान है, भारतीय जनता पार्टी; जिसके हम सब कार्यकर्ता हैं और पार्टी हमें जो काम देती है उसे पूरी प्रामाणिकता, मेहनत और ईमानदारी से हम करते हैं।
पूर्व सीएम ने कहा कि अपना चुनाव लड़ने के अलावा लगभग सभी लोकसभा की सीटों पर मैं गया हूं, हमने दिन-रात परिश्रम किया है क्योंकि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को श्रद्धा और भक्ति के भाव से देखता है। देश का अटल और अखंड विश्वास है कि मोदी जी के नेतृत्व में ही भारत विश्व गुरु बनेगा और भौतिकता की अग्नि में दग्ध विश्व मानवता को शाश्वत शांति के पथ का दिग्दर्शन कराएगा और हम सब इसी के लिए काम कर रहे हैं। शिवराज ने तंज कसते हुए कहा कि तो केजरीवाल जो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई करने की बात करके राजनीति में आए थे, वो खुद भ्रष्टाचार में घिर गए अब वो अपने दिमाग को संतुलित रखें।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |