Video

Advertisement


प्रधानमंत्री मोदी देश बचाने और कांग्रेसी अपने घरों को बचाने के लिए चुनाव लड़ रहे- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
balaghat,Prime Minister Modi , Chief Minister Dr. Yadav

बालाघाट/ छिंदवाड़ा। कांग्रेस ने देश में 70 वर्षों तक शासन किया। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन आदिवासियों की चिंता कांग्रेस की सरकारों ने कभी नहीं कीं। आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई कांग्रेस ने तो कभी नहीं लड़ी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी हमेशा से आदिवासियों के साथ रही। भाजपा ने आदिवासियों को उनके अधिकार दिलाए। मध्यप्रदेश की सरकार ने आदिवासियों के हितों के लिए कई योजनाएं शुरू कीं। कांग्रेस के शासनकाल में किसी भी आदिवासी को उच्च पद नहीं दिया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार एवं हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक आदिवासी नेत्री को देश का सर्वोच्च पद पर राष्ट्रपति बनाकर आदिवासियों के हितों की चिंता की। अब वे देश के भ्रष्टारियों और अपराधियों को भी जेल भेजने का कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता कहते हैं कि आदिवासी को तो बना सकते हैं, लेकिन शरीर से उनका रंग काला-काला होता है। कांग्रेस को वोट लेते समय ये सब नहीं दिखता। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बालाघाट जिले की बैहर विधानसभा के उकबा, छिंदवाडा़ एवं लखनादौन विधानसभा के ग्राम कहानी में आमसभा को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा से आदिवासियों के हितों के लिए लड़ाई लड़ती रही है। हमारी सरकार ने तो पहली कैबिनेट की बैठक ही रानी दुर्गावती के नाम पर जबलपुर में की थी। रानी दुर्गावती वीर, साहसी थीं, जो मुगलों से भी नहीं डरी, मुगलों में भी सबसे बड़े शासक अकबर थे। उनकी सत्ता को चुनौती देते हुए रानी दुर्गावती ने अपने प्राण न्यौछावर कर दिए, लेकिन भारत की आन-बान शान को झुकने नहीं दिया। ऐसी ही एक और वीर, साहसी रानी थी अवंतीबाई लोधी, जो अंग्रेजों के सामने न झुकी, न रूकी। उन्होंने भी लड़ते-लड़ते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

 

हम माताओं-बहनों को पूजते हैं, कांग्रेसी भोग-बिलास की वस्तु समझते हैं

 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि अभी नवरात्रि चल रही है। हम नवरात्रि में शक्ति की पूजा ऐसी ही नहीं करते। इसमें हमारी आस्था है, हमारी श्रद्धा है, हमारी भावना है। हम माता-बहनों को सदैव सिर झुकाकर प्रणाम करते हैं। ये भाजपा की संस्कृति है, लेकिन इसके उलटे कांग्रेस के लोग माता-बहनों को भोग बिलास की वस्तु मानते हैं। उनके मुंह से निकलने वाली भाषा माता-बहनों को लजाती है। उनकी इज्जत कम करती है। कांग्रेस के एक बड़े नेता हैं, जिनका बेटा चुनाव लड़ रहा है। उनकी 13 माह की सरकार में बड़ा आयोजन किया गया। मुंबई से बड़ी अभिनेत्रियां बुलाई गईं। हमारे यहां तो नवरात्रि का आनंद बनता है। भगवान और माताजी के मंदिर सजते हैं, भगवा लहराता है। साल में दो बार जब नवरात्रि आती है तो पूरा देश शक्ति संचय करके नए छह माह बनाने के लिए आगे बढ़ता है। हम तो माताओं-बहनों को संस्कृति मानने वाले लोग हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में कोई देश ऐसा नहीं है, सिर्फ भारत देश ही है, जहां भारता माता को पूजा जाता है। दुनिया में अमेरिका अपने को अमेरिका माता नहीं मानता, इंग्लैंड भी माता नहीं मानता। दुनिया के सैकड़ों देश हैं, लेकिन एकमात्र देश भारत है जो मात्र सत्ता की ताकत को मानता है और भारत माता की जय-जयकार करके अपनी मातृ संस्था में मातृशक्ति में विश्वास करता है। ये हमारी भावना है और कांग्रेस के लिए भोग-बिलास की वस्तु है। अब जैसी दृष्टि जैसी सृष्टि, उनकी दृष्टि उनको मुबारक।

 

भाजपा ने 6 बहनों को टिकट दिया, लेकिन कांग्रेस ने सिर्फ एक

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यदि कांग्रेस के दिलों में माताओं-बहनों के लिए इज्जत होती तो वह दिखती भी। कांग्रेसी कहते हैं कि माता-बहनों की इज्जत करेंगे, लेकिन कैसे इज्जत करोगो। कदम-कदम पर उनकी इज्जत लजाते हो। भाजपा ने प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 6 सीटों पर बहनों को टिकट दिया है, लेकिन कांग्रेस ने केवल एक टिकट ही दिया।

 

गरीब ही गरीबों का दर्द समझता है

 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कोई गरीब ही गरीब का दर्द समझ सकता है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी गरीबी देखी है, रेलवे स्टेशन पर चाय बेची है। मैं खुद भी किसान, मजदूर परिवार से आता हूं, मैंने भी गरीबी देखी है और आज भाजपा ने मुझे सेवा करने का मौका दिया है। जिनके घरों से हेलीकाप्टर उड़ रहे हैं वे क्या गरीबों का दर्द समझेंगे, लेकिन अब गरीबों के लिए भी हेलीकाप्टर की व्यवस्था देश और प्रदेश की भाजपा सरकार कर रही है। हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि यदि किसी गरीब को बीमार होने, एक्सीडेंट होने पर एयर एम्बुलेंस की जरूरत पड़ेगी तो उसे सरकार एयर एम्बुलेंस से बड़े शहर के अस्पताल में छोड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की गरीब जनता को पक्का मकान बनाकर दे रहे हैं। अब तक 2 लाख से अधिक पक्के मकान बनाकर दे दिए हैं। हर गरीब को आयुष्मान कार्ड देकर निःशुल्क इलाज की सुविधाएं दे रहे हैं, महिलाओं की आंखें नहीं जले इसके लिए उन्हें गैस सिलेंडर दिए हैं। गरीबों का यह दर्द गरीबी देखने वाला ही समझ सकता है।

 

मोदी देश के लिए, कांग्रेसी घर बचाने लड़ रहे चुनाव

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नारा है कि वे देश के प्रति जबावदार हैं, गरीबों के लिए जबावदार हैं, ईमानदारों के लिए जबावदार हैं, लेकिन बेईमानों, भ्रष्टाचारियों के लिए कठोर हैं। जो भी बेईमानी करेगा, भ्रष्टाचार करेगा वह जेल की सलाखों में होगा। 56 इंच के सीने वाले हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिनको चुनाव लड़ाया है उसमें न कोई उनका भाई है और न ही कोई रिश्तेदार है, लेकिन कांग्रेस में किसी का बेटा, किसी का भाई, किसी का रिश्तेदार चुनाव लड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश बचाने के लिए और कांग्रेस के नेता अपने घरों को बचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

 

छिंदवाड़ा में नहीं आएगी विकास की कमी

 

छिंदवाड़ा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि छिंदवाड़ा में विकास के कार्यों की कोई कमी नहीं आएगी। भाजपा की प्रदेश सरकार हमारे केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में विकास के कई रिकार्ड बना रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब हमारे बीच एक नया रिकार्ड भी बन रहा है यह रिकार्ड छिंदवाड़ा के अपने स्वाभिमान का रिकार्ड है। बदलते दौर में भाजपा ने तय किया है कि इस बार आपकी और हमारी एक ही लड़ाई है कि अब तक छिंदवाड़ा के बेटे को सांसद क्यों नहीं बनने देना। छिंदवाड़ा में आज तक जितने सांसद बने वे बाहर के बने। इस बार हमारी इस लड़ाई में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी समय देकर यह सिद्ध किया है कि वे प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के साथ में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश पूरी तरह से मोदीमय और कमलमय बना हुआ है। छिंदवाड़ा में भी इस बार ये टीका कमल के टीके में बदल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छिंदवाड़ा के अंदर बड़ा एयरपोर्ट, बड़ा कारखाना खोला जाएगा। सतपुड़ा रिजर्व फॉरेस्ट का एक दरबाजा खोलकर यहां पर पर्यटन की संभावनाएं पैदा की जाएंगी। विकास के लिए जो भी जरूरी होगा सब कुछ देंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि कमलनाथ कहते हैं कि वे 45 सालों से तपस्या कर रहे हैं, लेकिन वे तपस्या नहीं समस्या बन गए हैं। उन्होंने छिंदवाड़ा को केवल एक परिवार तक ही सीमित कर दिया है। पहले पिताजी लड़ते रहे तो अब बेटे को सांसद बनवा दिया, लेकिन इस बार यह परंपरा खत्म होगी और छिंदवाड़ा से भाजपा को जीत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव छिंदवाडा को परिवारवाद की बेड़ियों से मुक्त कराने का है।

 

कांग्रेस ने ’ग’ से गणेश हटाकर ’ग’ से गधा पढ़ाया

सिवनी जिले की लखनादौन विधानसभा के ग्राम कहानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि पहले अंग्रेजों ने हमारी संस्कृति पर कुठाराघात किया। हमारे पाठ्यक्रमों से भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और जीवन का मार्गदर्शन करने वाले सभी पाठ्यक्रम हटा दिए। अंग्रेज तो चले गए, लेकिन फिर कांग्रेस ने भी हमारी संस्कृति पर कुठाराघात किया और ’ग’ गणेश की जगह ’ग’ से गधा पढ़वाया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शिक्षा के महत्व को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से भी समझाया। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश की धरती पर जहां-जहां श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीलाएं हुईं हैं, जहां-जहां उनके पैर पड़े हैं वहां-वहां तीर्थ स्थल बनाए जाएंगे।

घमंडिया गठबंधन को सबब सिखाना है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब बहुत सारों ने मिलकर एक दल बनाया है। इस दल में शामिल एक नेता ने सनातन धर्म पर बुरा बोला, लेकिन सनानत धर्म पर कुठाराघात करने वालों पर माफी मांगने के लिए कांग्रेस ने अब तक कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी 100 गालियां सुनीं थी, लेकिन 101वीं गाली पर उनकी उंगली उठ गई। इस बार आप सभी को भी कांग्रेस के अपराधों को खत्म करने के लिए अपनी उंगली उठानी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वोट देना है। लोकतंत्र में हमें हमारी ताकत का अहसास होना चाहिए। बदलते दौर के भारत में आज सबसे ज्यादा जरूरत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हैं और अब वक्त आ गया है कि घमंडिया गठबंधन के लोगों को सबक सिखाना है।

ये रहे उपस्थित

मंडला लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते, छिंदवाड़ा लोकसभा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, दीपक सक्सेना, रामकिशोर कांवरे, लता ऐलकर, भगत सिंह नेताम, रमेश भटेले, कैशव भदौरिया, अनुपमा नेताम, त्रिवेणी गोस्वामी, मौसम बिसेन, गुड्डा मरकाम, जीएल बिसपने, यशवंत सरणागत, मुरली नर्सवानी, विजय पटले, जुगल पांडे, समल सिंह धुर्वे, आलोक दुबे, राकेश पाल, मुकेश बघेल, प्रफुल्ल मिश्रा, देवीसिंह मरकाम, जयदीप सिंह चौहान, अजय डागोरिया उपस्थित रहे।

Kolar News 12 April 2024

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.