Advertisement
भोपाल। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से देशभर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी विपक्षी दल अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए केन्द्र सरकार पर हमला बोल रहे हैं। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए तंज कसा है।
कमलनाथ ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा भारतीय राजनीति में विपक्षी दलों की एकता की इस समय जितनी आवश्यकता है, उतनी ज़रूरत पिछले 75 साल में शायद ही पहले कभी रही हो। वर्तमान सत्ताधारी दल के इरादे एकदम स्पष्ट हैं, आम चुनाव से पहले वह विपक्ष से लड़ना नहीं, बल्कि विपक्ष को अनैतिक हथकंडे अपनाकर समाप्त कर देना चाहता है।
कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि राजनैतिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को डराना, धमकाना, तोड़ना, गिरफ़्तार करना और जेल भेजना इसी कुचक्र का हिस्सा हैं। यह जो दमन चक्र चलाया जा रहा है, उसका सिर्फ़ एक मक़सद है कि भारत की आज़ादी के बाद जो सत्ता जनता के हाथों में दी गई थी, उसे जनता के हाथ से छीन कर तानाशाही के हाथ में दे देना। उन्होंने आगे कहा कि इसलिए भारत के जागरूक नागरिकों को अपनी ज़िम्मेदारी पूरी प्रतिबद्धता से निभानी है। मौक़ापरस्तों को पहचानना है और जनता की सेवा करने वालों के साथ खड़े रहना है। हम सब मिलकर अपने लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और इसे मज़बूत बनाएंगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |