Advertisement
शिवपुरी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर दावा किया है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस 15 से ज्यादा लोकसभा सीटें जीतेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश के 80 प्रतिशत उम्मीदवारों की सूची फाइनल हो गई है और 15 मार्च से पहले प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को यह बात शिवपुरी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के लिए आए हुए थे। जीतू पटवारी ने बताया कि आगामी तीन मार्च को राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए शिवपुरी जिले में आ रहे हैं। इस दौरान शिवपुरी में भारत छोड़ो न्याय यात्रा के जरिए वह लोगों से मुलाकात करेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से जब यह पूछा गया कि आप आगामी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे क्या। तो उन्होंने कहा पार्टी जो निर्देश देगी उसका पालन करूंगा। प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर निशाना साधते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि दो महीने में जनता त्रस्त हो गई है। पूरे प्रदेश में अपराध चरम पर है। जनता के कोई काम नहीं हो रहे हैं। बढ़ते अपराध के अलावा प्रदेश के नाकों पर भ्रष्टाचार चरम पर है। मध्य प्रदेश में 15 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्ज अभी दो महीने के दौरान ही मोहन यादव सरकार ने ले लिया है। इस तरह से यह केसीसी की सरकार है। जिसमें क्राइम, करेप्शन और कर्ज वाली यह सरकार है।
इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनाए गए मोहन यादव पर्ची के मुख्यमंत्री हैं नरेंद्र मोदी ने जो पर्ची मध्य प्रदेश में भेजी, उसे पर्ची से उनका नाम निकला। मोहन यादव को जनादेश नहीं मिला है जबकि शिवराज सिंह को जनादेश मिला था लेकिन एक पर्ची से मोहन यादव का नाम निकला। मैं उनको पर्ची वाला मुख्यमंत्री कहता हूं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |