Advertisement
खजुराहो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिस भाव से काम को हाथ में लेते हैं, उसी अंदाज से उसे अंजाम तक पहुंचाते हैं। उन्होंने असंभव कार्य को भी अपनी कार्य दक्षता से सफल किया है। अमित शाह के खजुराहो आगमन की धमक से ही कांग्रेस पार्टी ने खजुराहो लोकसभा का मैदान छोड़ दिया है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का पूरे प्रदेश में यही हश्र होने वाला है। कांग्रेस पिछली बार खजुराहो लोकसभा करीब पांच लाख से हारी थी, उसके ठिकाने नहीं लगे थे। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा खजुराहो ही नहीं, प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी और देश में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को खजुराहो में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की दुनिया में एक विशिष्ट पहचान बनी है। कांग्रेस के शासनकाल में देश में दंगे होते थे। लेकिन अब देश में आतंकवाद और दंगे की घटनाएं समाप्त हो गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जब जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया, उसके बाद से देश में पूरी तरह से शांति है। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी भाजपाः विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में खजुराहो लोकसभा की आठ में से छह सीटें भाजपा को मिली थीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति से 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत के साथ खजुराहो लोकसभा की सभी आठ विधानसभा सीटें जीती हैं। शाह ने कहा कि आज खजुराहो में बूथ समिति सम्मेलन से मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है और उनकी कुशल रणनीति से भाजपा प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट जीतेगी।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बुंदेलखंड को कई सौगातें मिली हैं। खजुराहो प्रधानमंत्री मोदी की आईकॉनिक सिटी है। प्रधानमंत्री मोदी ने खजुराहो को विश्व का सबसे आधुनिकतम रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और दो-दो पायलट ट्रेंनिंग सेंटर की सैगात दी है। बुंदेलखंड अब न गरीब रहेगा और न ही सूखा, क्योंकि प्रधानमंत्री ने 44605 करोड़ की केन-बेतवा लिंक परियोजना की सौगात दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का मंत्र दिया है। आधुनिक राजनीति के चाणक्य व कुशल रणनीतिकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हर बूथ पर दस प्रतिशत वोट बढ़ाने के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लेकर भाजपा कार्यकर्ता चुनाव मैदान में जुटे जाएं। भाजपा इस लोकसभा चुनाव में प्रदेश के सभी 29 लोकसभा सीटों के साथ खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सभी 2293 बूथों पर जीत दर्ज करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश के मंत्रीगण दिलीप अहिरवार, संपतिया उइके, सतना महापौर योगेश ताम्रकार, लोकसभा संयोजक सदानंद गौतम, सह संयोजक पीतांबर टोपनानी, उमेश शुक्ला, प्रभुदयाल कुशवाहा, जिला प्रभारी संजय साहू, जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह, रामबिहारी चौरसिया, दीपक सोनी, विधायकगण अरविंद पटेरिया, संजय पाठक, बृजेंद्र प्रताप सिंह, राजेश वर्मा, प्रहलाद लोधी, संदीप जायसवाल, प्रणय पांडे, मीनाराजे परमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेढ़ा, विद्या अग्निहोत्री, अरुण कुमार अवस्थी सहित खजुराहो लोकसभा के 2293 बूथों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |