Advertisement
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर शुभकामनाएं और बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हमारे मार्गदर्शक श्रद्धेय आडवाणी को भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित करने का निर्णय हम सभी के लिए प्रसन्नता का विषय है। श्रद्धेय आडवाणी का जीवन हम सभी के लिए साहस, त्याग, देशप्रेम और राष्ट्रसेवा का एक अनूठा उदाहरण है। हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए उनका जीवन प्रेरणा पुंज के समान है। इस अभूतपूर्व निर्णय हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि जनसंघ के समय से आज तक सार्वजनिक जीवन में जिस प्रकार से आडवाणी ने अपना स्थान बनाया, वह नि:संदेह प्रशंसनीय है। उन्हें संसदीय जीवन का लंबा अनुभव है। सामाजिक जीवन के साथ-साथ राजनैतिक जीवन में वे निरंतर सक्रिय रहे। उन्होंने पत्रकार के रूप में भी अपनी पहचाई बनाई। लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं। यह हम सबके लिए अत्यंत गौरव और आनंद का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य सरकार की ओर से भी आडवाणी को शुभकामनाएं दी हैं।
शिवराज ने भी दी शुभकामनाएं
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी भारत रत्न मिलने पर पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से कहा कि श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी के जीवन का एक-एक क्षण भारत माता के चरणों की सेवा में बीता है, भाजपा को इस स्थान तक पहुंचाने में उनका अतुलनीय योगदान है। हमने श्रद्धेय आडवाणी जी से काफी सीखा है। समाज के हर क्षेत्र में उनका अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय स्वागत योग्य है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हृदय से धन्यवाद व्यक्त करता हूं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |