Advertisement
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 75वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों के पार्टी कार्यालयों में झंडावंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए और पार्टी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। मुख्य समारोह भाजपा प्रदेश कार्यालय में सम्पन्न हुआ, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने झंडावंदन किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि लोकतंत्र और देश के संविधान की गरिमा में वृद्धि के लिए सभी अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाने का संकल्प लें।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह राष्ट्रीय पर्व हमें लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के संविधान के प्रति अपने दायित्वों, कर्त्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। हमें संविधान को और मजबूत बनाते हुए अपने कर्त्तव्यों और जिम्मेदारियों को लेकर आगे बढ़ना है। आज गणतंत्र दिवस पर प्रदेश के नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐसे व्यक्तित्व जिन्होंने अपना जीवन सामाजिक विकास और गरीबों के उत्थान में न्यौछावर किया उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया है। ऐसे व्यक्तित्व एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया है। मध्यप्रदेश के हमारे ऐसी प्रतिभाएं जिन्होंने अलग-अलग विधाओं में उत्कृष्ट कार्य किया है उनमें से संगीत के क्षेत्र में ओम प्रकाश शर्मा, कला के क्षेत्र में कालूराम बामनिया, शिक्षा के क्षेत्र में भगवती लाल राजपुरोहित एवं सत्येंद्र सिंह लोहिया को खेल के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। मध्यप्रदेश की ऐसी सभी महान विभूतियों को मैं बधाई और शुभकामना देता हूं।
झंडावंदन के अवसर पर पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, वरिष्ठ नेता माखनसिंह चौहान, रघुनंदन शर्मा, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, महापौर मालती राय सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे। विशेष सशस्त्र बल के प्रधान आरक्षक कोमल सिंह, आरक्षक राजेश शर्मा, कल्याण सिंह, नरेश कुमार, राधेश्याम ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। गणतंत्र दिवस पर प्रदेश कार्यालय परिसर में विशेष साज-सज्जा की गई।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |