Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन संतोषजनक भले ही ना रहा हो लेकिन हम घर घर तक अरविंद केजरीवाल की दिल्ली और पंजाब की जन कल्याण योजनाओं का संदेश पहुंचाने में सफल रहे हैं। यह बात शुक्रवार को सिंगरौली में मीटिंग के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कही।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हम अपनी हार स्वीकार करते हुए पुनः संगठन निर्माण पर ध्यान देंगे और जो खामियां थी उसे सुधारने की कोशिश करेंगे। वहीं पार्टी के कार्यकर्ता अब घर घर जा कर लोगों को दिल्ली और पंजाब की योजनाओं के बारे बताएंगे।
रानी अग्रवाल ने यह भी स्पष्ट कर दिया की आम आदमी पार्टी को कमजोर ना समझा जाए। पार्टी मध्य प्रदेश में एक बड़ा विकल्प बन कर उभरेगी और मध्य प्रदेश में भी दिल्ली- पंजाब की तरह सभी सुविधाएं लोगों तक पहुंचेगी। संगठन को लेकर उन्होंने कहा की कुछ फेरबदल की जरूरत है जिसे राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और निर्देशों के बाद किया जाएगा और मध्य प्रदेश में एक मजबूत टीम तैयार की जाएगी।
रानी अग्रवाल ने कहा कि जनता जनार्दन ने भाजपा को एक बार फिर मौका दिया है। जनमत का हम सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि हम सरकार की गलत नीतियों और गलत फैसलों का पहले भी विरोध करते रहे हैं। नई सरकार के गठन के बाद सरकार के काम काज पर आम आदमी पार्टी की नजर होगी। सिंगरौली में हुई मीटिंग के दौरान प्रदेश के कई नेता और सदस्य उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |