Advertisement
भिंड। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को गोहद, मेहगांव और अटेर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी करीब पांच दशक तक मध्य प्रदेश की सत्ता में रही लेकिन राज्य का विकास नहीं किया। भाजपा ने कुछ साल में ही मध्य प्रदेश को विकसित राज्य बना दिया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार ने व्यापक स्तर पर काम किए। कांग्रेस के शासनकाल में मध्य प्रदेश की छवि देश के बीमारू राज्य के रूप में होती थी। आज मध्य प्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां औद्योगिक विकास दर 24 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसान सम्मान निधि के तहत देशभर के करोड़ों किसानों को 6 हजार रुपए प्रतिवर्ष दे रहे हैं, लेकिन मध्य प्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सरकार की तरफ से किसानों को 6 हजार रुपए प्रतिवर्ष दिए जा रहे हैं। इस तरह मध्य प्रदेश के 80 लाख से अधिक किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए भाजपा की डबल इंजन की सरकार दे रही है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत का मस्तक पूरी दुनिया में ऊंचा हुआ है। कांग्रेस के समय भारत की बात को दुनिया गंभीरता से नहीं लेती थी। आज भारत की बात पूरी दुनिया गंभीरता से लेती है। भारत को दुनिया का कोई भी देश आंख नहीं दिखा सकता। नापाक हरकत करने वाले को भारत इस पार भी मार सकता है और जरूरत पड़ने पर उस पार भी जाकर मार सकता है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |