Advertisement
ग्वालियर। जिले के आरोप थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े कांग्रेस समर्थित एक सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने उस पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का कारण पुराना पारिवारिक विवाद सामने आया है।
जानकारी के अनुसार बनहेरी से सरपंच विक्रम रावत ग्वालियर के कांति नगर में भी रहते हैं। सोमवार सुबह वह अपनी कार से वकील प्रशांत शर्मा से मिलने उनके घर गांधी नगर के लिए कार से निकले थे। वह लोको रोड पर ही पहुंचे थे कि तभी सामने बाइक से आए बदमाशों से उन पर गोलियां चला दीं और मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक विक्रम सिंह की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मिली है कि करीब डेढ़ साल पहले सरपंच विक्रम के चचेरे भाई की पारिवारिक जमीनी विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में केस चल रहा है, जिसमें विक्रम मुख्य गवाह था। उस केस का फैसला मंगलवार को आने वाला है, जिसमें विक्रम अंतिम गवाही दे पाता, उससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। विधानसभा चुनाव से पहले इस हत्या ने क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो यह घटनाक्रम इतना तेजी से हुआ कि कोई कुछ समझ नहीं पाया। घटना स्थल के पास रहने वाले एक भाजपा नेता ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनकर वे बाहर दौड़े, देखा एक व्यक्ति तड़प रहा है, उसके खून बह रहा है, तत्काल उसके शरीर की हलचल थम गई। उन्होंने कहा कि बदमाश बाइक पर आये और गोलियां चलाकर भाग गए। अभी आठ राउंड तो पुलिस को मिले हैं और भी हो सकते हैं।
घटना के बाद पड़ाव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाकर शव की जाँच पड़ताल के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुँचाया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि बदमाशों ने सरपंच की गोली मारकर हत्या की है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कोई पुराना विवाद बताया जा रहा है। पुलिस इसकी जांच कर आरोपितों की तलाश करेगी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |