Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस विधायक सचिन बिरला ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
सचिन बिरला को प्रदेश में अनोखा विधायक भी कहा जाता है, क्योंकि उनको विधानसभा में कांग्रेस और क्षेत्र में भाजपा विधायक के रूप में जाना जाता है।
सचिन बिरला वर्तमान में खरगोन जिले की बड़वाह सीट से विधायक हैं। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर लड़कर विधानसभा पहुंचे सचिन बिरला पिछले करीब एक साल से पार्टी से दूर हैं। उनके बारे में कहा जाता है कि भले ही उन्होंने आज आधिकारिक रूप से भाजपा का दामन थामा हो, लेकिन यह एक साल पहले ही पार्टी में शामिल हो गए थे।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के समक्ष रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस विधायक सचिन बिरला ने भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश संगठन महामंत्री ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर बिरला का स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक सचिन बिरला ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार की जनहितैषी नीतियों और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। पार्टी मुझे जो भी दायित्व देगी, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करूंगा। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री व प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन और प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |