Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। भाजपा द्वारा विधानसभा चुनाव में केन्द्रीय मंत्रियों और सांसदों को टिकट दिये जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के सजावटी उम्मीदवारों से जनता का आक्रोश बढ़ रहा है। यह भाजपा के बड़े विघटन का दौर है।
कमलनाथ ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए कहा कि जितने सजावटी उम्मीदवार ला रही है, जनता का आक्रोश उतना ही ज़्यादा बढ़ रहा है, कारण स्पष्ट हैं। जनता मान रही है कि जो मंत्री चुनाव लड़ेंगे, उनका मंत्रालय जो पहले से ही सुप्त है अब और भी निष्क्रिय हो जायेगा, तो फिर जनता के रुके हुए काम कैसे होंगे। इस वजह से आक्रोश बढ़ रहा है। जो सत्ताधारी सासंद चुनाव लड़ेंगे उनका संसदीय क्षेत्र उपेक्षित होगा, जिसका ख़ामियाज़ा जनता ही भुगतेगी। इस वजह से आक्रोश बढ़ रहा है।
कमलनाथ ने आगे कहा कि ये तथाकथित बड़े लोग पार्टी के दबाव में बेमन से लड़ेंगे और हारेंगे तो जनता के ख़िलाफ़ हो जाएँगे, जिसके कारण जनता उनकी उपेक्षा और उनके उत्पीड़न का शिकार होगी। इस वजह से आक्रोश बढ़ रहा है। यदि भाजपा के कोई एक-दो सांसद जोड़, जुगत, जुगाड़ से चुनाव जीत भी गये तो फिर बाद में विधायक के पद से इस्तीफ़ा देकर आगामी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे, जिससे उप चुनाव का खर्चा होगा, जो जनता के टैक्स की ही बर्बादी होगी। इस वजह से आक्रोश बढ़ रहा है।
कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि जनता के बढ़ते आक्रोश को देखकर भाजपा के अधिकांश नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सदस्य और समर्थक भूमिगत से हो गये हैं तथा जन-सेवा के लिए समर्पित कुछ अच्छे नेता अन्य विकल्प तलाश रहे हैं। ये दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के, सबसे बड़े विघटन का दौर है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |