Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में चुनाव की आचार संहिता लग सकती है। इससे पहले भाजपा ने अपने 78 प्रत्याशियों की दो सूची जारी कर दी है। दूसरी सूची में 6 सांसदों को प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा की दूसरी सूची पर विपक्ष द्वारा लगातार बयानबाजी हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भी भाजपा उम्मीदवारों की सूची पर तंज कसा है।
कमलनाथ ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरी लिस्ट पर एक ही बात फिट है- नाम बड़े और दर्शन छोटे। भाजपा ने मप्र में अपने सांसदों को विधानसभा की टिकट देकर साबित कर दिया है कि भाजपा न तो 2023 के विधानसभा चुनाव में जीत रही है, न 2024 के लोकसभा चुनाव में। इसका सीधा अर्थ ये हुआ कि वो ये मान चुकी है कि एक पार्टी के रूप में तो वो इतना बदनाम हो चुकी है कि चुनाव नहीं जीत रही है, तो फिर क्यों न तथाकथित बड़े नामों पर ही दांव लगाकर देखा जाए।
कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि अपने को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहनेवाली भाजपा को जब आज ये दिन देखने पड़ रहे हैं कि उसको लड़वाने के लिए उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे हैं, तो फिर वोट देने वाले कहाँ से मिलेंगे। भाजपा आत्मविश्वास की कमी के संकटकाल से जूझ रही है। अबकी बार भाजपा अपने सबसे बड़े गढ़ में, सबसे बड़ी हार देखेगी। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा से दोगुनी सीट जीतने जा रही है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार डबल हार की ओर बढ़ रही है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |