Advertisement
भोपाल। उप वन संरक्षक वन्य प्राणी ने बताया कि विगत 10 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी आरोपी उज्जैन उर्फ उग्गैन पारधी को गिरफ्तार किया गया। उक्त अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने परिवर्तित नाम सुखमन आदिवासी पुत्र विजयसी नाम से कर्नाटक राज्य के विभिन्न स्थानो में रह रहा था। यह जानकारी सोमवार को जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने दी।
उन्होंने बताया कि उक्त अपराधी को पकड़ने के लिए वन विभाग की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स लम्बे समय से प्रयासरत थी और विशेष इन्टेलिजेन्स इनपुट के आधार पर क्षेत्रीय टाइगर स्ट्राइक फोर्स जबलपुर द्वारा बेलगाँव (कर्नाटक) में की गई कार्यवाही में सफलता प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि कार्यवाही के दौरान बेलगाँव कर्नाटक वन विभाग को सहयोग करते हुए पारधियों के डेरे से हाथी तथा बाघ को मारने में प्रयुक्त किये जाने वाले ट्रेप व फंदे भी जप्त किये गये जिस पर सामान्य वन मंडल बेलगाँव कर्नाटक द्वारा स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स के सहयोग से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है जिसमें एक अपराधी चीका पूर्व में मध्यप्रदेश में भी बाघ के शिकार में गिरफ्तार किया जा चुका है।
जोशी के अनुसार, पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी के रूखड़ परिक्षेत्र (बफर) में वर्ष 2013 में राष्ट्रीय पशु वन्य प्राणी बाघ के शिकार के उद्देश्य से लगाए गए फंदे (leg hold trap) एवं अन्य सामग्री की जप्ती कर वन परिक्षेत्र रूखड़ के वन अमले द्वारा वन अपराध प्रकरण क्रमांक 1216/04 दिनांक 06.02.2013 पंजीबद्ध किया गया था। जिसे वर्ष 2017 में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स को हस्तांतरित किया गया था। प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही करते हुए कुल 10 आरोपियों में से आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
स्टेट टाईगर स्ट्राइक फोर्स की कार्यवाही से मध्यप्रदेश राज्य एवं संपूर्ण भारत वर्ष में बाघों के संरक्षण एवं सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। बाघ की तस्करी में संलिप्त संगठित अपराध को रोकने की दिशा में अहम कड़ी साबित होगी। उज्जैन उर्फ उम्मेन पारधी को माननीय विशेष न्यायालय जबलपुर में फॉरेस्ट रिमांड के लिये प्रस्तुत किया गया। सुखमन उर्फ उज्जैन उर्फ उग्गैन पारधी की अन्य वन्य जीव अपराधों में संलिप्ता के संबंध में जानकारी के लिये अन्य राज्यों से संपर्क कर जानकारी एकत्रित की जा रही है। प्रकरण में विवेचना जारी है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |