Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के समस्त प्रकोष्ठों की समीक्षा बैठक आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने केन्द्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश को शिवराज सिंह चौहान ने बदहाली की कगार पर पहुंचा दिया है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को किस ओर धकेल दिया, केवल और केवल दिखावे, भ्रमित करने और गुमराह करने का काम शिवराज कर रहे है। प्रदेश की स्थिति यह है कि किसी भी जगह चले जायें, भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है। महिलाओं, दलितों आदिवासियों पर अत्याचार की कोई सीमा नहीं है। शिवराज सिंह ने प्रदेश की लाड़ली बहनों को भ्रमित करने का काम किया है। युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा सबसे बड़ी सेवा होती है और समाज कल्याण प्रकोष्ठ के माध्यम से प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनुराग भार्गव के नेतृत्व में संगठन में और कांग्रेस की सरकार बनाने में बड़ी भूमिका रहेगी। प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर पूरी निष्ठा से काम करेंगे तो निश्चित ही कांग्रेस की बड़ी जीत होगी।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और समस्त प्रकोष्ठों के प्रभारी जे.पी. धनोपिया ने कहा कि प्रकोष्ठ पूरे प्रदेश में निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है, आगामी विधानसभा चुनाव में जनता ने मन बना लिया है कि शिवराज को जनता मुंह तोड़ जबाव देगी, आप सभी पूरी निष्ठा से कार्य करें।
भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रकाश जैन ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है। कमलनाथ की सरकार में जो 15 महीने में विकास कार्य हुये वह किसी से छिपे नहीं है। कांग्रेस सरकार बनने पर प्रकोष्ठ के सभी स्तर के पदाधिकारियों का पूरा सम्मान किया जायेगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |