Advertisement
मुरैना। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय जनता पार्टी की सरकार की असफलता को उजागर करने के लिए निकाल जा रही जन आक्रोश यात्रा गुरुवार को दिमनी और अंबाह में आई। जहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं द्वारा यात्रा का स्वागत कर आम सभा आयोजित की गई।
दिमनी क्षेत्र में पूर्व जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर द्वारा आम सभा आयोजित की गई। इसी तरह अंबाह प्रवेश पर कांग्रेस नेता सौरव सोलंकी एवं नगर पालिका चौराहे पर मुख्य सभा अध्यक्ष उमा चरण कटारे द्वारा आयोजित की गई। इस दौरान बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कहते हैं कि प्रदेश की जनता का भाजपा को भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। यदि इतना ही आशीर्वाद मिलने का भरोसा है तो फिर प्रदेश में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह 7-7 बार क्यों आ रहे हैं? क्यों पूरे देशभर से मंत्रियों को इस जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल किया जा रहा है। मुझे पता है कि भाजपा को प्रदेश की जनता अब नकार चुकी है। इतने भ्रष्टाचार हुए हैं जो जनता के सामने हैं। देश के बेरोजगार युवाओं का भविष्य गर्त में पहुंच गया है। इसकी पूरी जवाबदारी भाजपा सरकार की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ये प्रदेश को खाने और कर्ज में डूबाने में लगे हैं। नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने दावा किया कि आगामी चुनाव में प्रदेश में 150 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत वाली कांग्रेस की सरकार बनेगी। जन आक्रोश यात्रा में मध्य प्रदेश के सह प्रभारी शिव भाटिया, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर, पूर्व मंत्री बालेंद्र शुक्ला, जिला अध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर, शहर जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा ,बैजनाथ कुशवाह विधायक सबलगढ़ ,मंगल सिंह बुंदेलासहित अनेक लोग मौजूद थे
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |