Advertisement
इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को इंदौर में जन दर्शन यात्रा के दौरान रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने सनातन धर्म के खिलाफ बोलने वालों पर भी जमकर निशना साधा। उन्होंने कहा कि शक आए, हूण आए, मुगल आए, लेकिन सनातन धर्म को कोई समाप्त नहीं कर पाया। हम संकल्प लेते हैं कि जिन्होंने सनातन धर्म का अपमान किया है, उनको राजनैतिक रूप से समाप्त कर देंगे।
केसरिया झंडों से पटा यात्रा मार्ग में नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उत्साह और उर्जा के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए चल रहे थे। रथ में सवार मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और पार्टी नेता हाथ जोड़ते हुए जनता का अभिवादन कर रहे थे। वहीं जनता स्वागत मंचों से लगातार पुष्पवर्षा कर नेताओं का अभिनंदन कर रही थी। विभिन्न समाजों और वर्गों के लोग भी स्वागत मंच से यात्रा की अगवानी कर रहे थे। जनता और भाजपा नेताओं के स्नेह का यह अदभुत नजारा बुधवार को इंदौर की सडकों पर जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान देखने को मिला। स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर में जनता का मिल रहा आशीर्वाद ऐतिहासिक है। समाज का हर युवा और हर वर्ग भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद दे रहा है। इससे स्पष्ट है कि जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है।
खण्डवा से प्रारंभ हुई जन आशीर्वाद यात्रा ने बुधवार को राऊ से होते हुए शाम को इंदौर शहर में प्रवेश किया। मुख्यमंत्री चौहान यात्रा प्रारंभ करने से पहले बंदे साहेब गुरूद्वारा दर्शन करने पहुंचे। जिसके पश्चात राऊ शहर में राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और पार्टी नेताओं के साथ रोड शो में शामिल हुए। मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव के साथ यात्रा में पूरे समय जनता का आशीर्वाद लेते हुए चल रहे थे। राऊ से यात्रा ने इंदौर जिले की विधानसभा क्रमांक 1 में प्रवेश किया। यहां पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने स्वागत कर आगवानी की।
हम सरकार नहीं परिवार चला रहे
रोड शो में स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर शहर की जनता का आभार माना। उन्होंने कहा कि इंदौर की जनता को प्रणाम करता हूं और धन्यवाद देता हूं। आज जन आशीर्वाद यात्रा पर जनता ने प्यार और आशीर्वाद की वर्षा की है। हमने सड़कों पर चारो तरफ देखा कोई वर्ग ऐसा नहीं था जो न आया हो। बेटे, बेटियां, बुजुर्ग विशेषकर हमारी बहनें ऐसे उत्साह, आनंद और प्रसन्नता के साथ यात्रा में शामिल हुई है। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को वास्तव में जनता का सही आशीर्वाद मिल रहा है। भाजपा की सरकार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जो काम किए है उसका परिणाम अब दिखायी दे रहा है। हम सरकार नहीं, परिवार चला रहे है। यह पूरा परिवार है। मध्यप्रदेश और परिवार का प्यार जन आशीर्वाद यात्रा में बरस रहा है, इसके लिए मैं आभारी हूं।
सैकडों स्थानों पर हुई पुष्पवर्षा
इंदौर शहर में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री चौहान की एक झलक देखने के लिए घरों की छतों से बड़ी संख्या में नागरिक हाथों में मोबाइल लिए फोटो खींचते दिखे। पूरे यात्रा मार्ग को झंडे पोस्टर पाट दिया गया था। हर जगह भाजपा और केसरिया झंडे ही दिखाई दे रहे थे। कई स्थानों पर नागरिकों ने फूलों की बारिश की, जिस कारण पूरी सड़क पर फूलों की चादर बिछ गई थी। यहां से मुख्यमंत्री के रोड शो ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 के राजवाड़ा चौराहे से प्रवेश किया यहां से विधायक आकाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में बडी संख्या में कार्यकर्ताओं ने स्वागत कर युवा कार्यकर्ता दो पहिया वाहन रैली के रूप में इस यात्रा में शामिल हुए। राजवाडा चौक पर रेगर समाज, रविदास समाज, पांचाल समाज, विश्वकर्मा समाज, खटीक समाज, कोष्टी समाज, जिला वक्फ कमेटी, महाराष्ट्र समाज, पथ विक्रेता संगठन, व अन्य समाज बंधुओ ने मंच लगाकर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। कई मंचों से केसरिया साड़ी और पगड़ी पहने हुए महिलाओं ने यात्रा का स्वागत किया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |