Video

Advertisement


प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया में बढ़ा भारत का सम्मानः विष्णुदत्त शर्मा
panna, India

पन्ना। आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन है और मैं उनके जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देता हूं । मोदी जी इस देश के सर्वमान्य नेता है साथ ही आज उनके कारण इस देश का सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है। मोदी जी के कुशल नेतृत्व के कारण ही देश को आज नई पहचान मिली है । यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान पवई में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही।

 

कांग्रेस के जमाने में बुंदेलखंड जाने में डरते थे लोग

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश और बुंदेलखंड में जो भी विकास नजर आता है, वो केवल भाजपा की सरकार ने किया है। कांग्रेस के जमाने में यह क्षेत्र पिछड़ा हुआ था। यहां रोजगार के संसाधन नहीं थे, सिंचाई की व्यवस्था नहीं थी। बुंदेलखंड आतंक का पर्याय था और लोग यहां आने में डरते थे। लेकिन आज उसी बुंदेलखंड में चारों तरफ विकास ही विकास दिखाई देता है। आज बुंदेलखंड पर्यटन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है।

 

भाजपा ने बनाया प्रदेश को नंबर-1 राज्य

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि 2003 में सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश को कई मामलों में देश का नं.-1 राज्य बना दिया है। देश के गेहूं निर्यात में मध्यप्रदेश की भागीदारी 45 प्रतिशत है और प्रदेश देश में नंबर-1 है। 3.62 करोड़ आयुष्मान कार्ड वितरित कर मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। आयुष्मान भारत योजना में प्रदेश के 3.62 करोड़ गरीबों को मुफ्त इलाज का अधिकार दिया है और 30 लाख से अधिक लोग निशुल्क उपचार करा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में मध्यप्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार ने गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत 5 करोड़ से अधिक लोगों तक मुफ्त अनाज पहुंचाया है। गरीब कल्याण योजना के कारण प्रदेश के 1.36 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आने में सफल रहे हैं।

 

 

जनता बनाएगी देश-प्रदेश में भाजपा की सरकार

शर्मा ने कहा कि किसी ने मुझसे पूछा कि कमलनाथ के बारे में आपका क्या कहना है? यह वही कमलनाथ हैं, जिन्होंने 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ करने के लिए कहा था और 15 महीनों में भी कर्ज माफ नहीं कर सके। शर्मा ने कहा कि कमलनाथ एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने की इच्छा रखते हैं, लेकिन उनकी ये इच्छा पूरी नहीं होगी, क्योंकि मध्यप्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को आशीर्वाद देकर देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएगी।

 

अन्य प्रदेशों से उठ रही लाडली बहना योजना की मांग

शर्मा ने कहा कि पहले लाडली लक्ष्मी योजना और अब मध्यप्रदेश की लाडली बहना योजना ने पूरे देश में तहलका मचा रखा है। अब सभी राज्यों की बहनें लाडली बहना योजना की मांग कर रही हैं। पूरे देश में बहनों के खातों में हर महीने रुपये डाले जाने और इस राशि को बढ़ाकर तीन हजार तक ले जाने की चर्चा है। उन्होंने कहा कि जब मध्यप्रदेश की बहनोँ के खाते में 3 हजार रुपये आने लगेंगे तो समझो कि हर राज्य के मुख्यमंत्री को यह योजना लागू करनी ही पड़ेगी।          

                                      

 

कांग्रेस की जमीन खिसकी, मध्यप्रदेश के मन में बसे मोदी जी

शर्मा ने कहा कि 2003 से पहले जब मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तो यहां सड़कें नहीं सिर्फ गड्ढे ही थे। बिजली के तार तो झूलते दिखाई देते थे मगर उनमें बिजली का करंट नहीं दौड़ता था। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस झूठ की फैक्ट्री है। उसे समझ नहीं आ रहा कि वह जनता के सामने कैसे जाए। शर्मा ने कहा कि भाजपा तो जनता से आशीर्वाद मांग रही है, लेकिन दूसरी तरफ कांग्रेस जनाक्रोश रैली निकाल रही है । इसी से यह साबित हो जाता है कि प्रदेश में कांग्रेस की जमीन पूरी तरह खिसक चुकी है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता अब जान चुकी है कि मिस्टर बंटाधार की इस प्रदेश में कोई जगह नहीं, मध्यप्रदेश के मन मे मोदी जी बस गए हैं। उन्होंने कहा कि देश को पूरी दुनिया में गौरवान्वित करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम 2023 और 2024 का चुनाव जीतेंगे।           

 

Kolar News 17 September 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.