Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में चुनावी साल में लगातार हो रही भाजपा और कांग्रेस की घोषणाओं को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में चुनाव करीब हैं तो भाजपा और कांग्रेस फिर से झूठी घोषणाएं करने में जुट गई हैं। भाजपा और कांग्रेस घोषणाएं करने में माहिर हैं लेकिन ये दोनों पार्टियां अपने किए हुए वादे भूल जाती हैं और जनता के हाथ कुछ नहीं लगता है।
रानी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के पास विकास का कोई विजन नहीं हैं। ये बस झूठी घोषणाएं कर जनता को भ्रमित करना चाहते हैं और सत्ता हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस, आम आदमी पार्टी की योजनाओं को हूबहू कॉपी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में जब मुफ्त बिजली देने का वादा किया था तो कांग्रेस ने जमकर विरोध किया था लेकिन दिल्ली में हमने जो कहा वो करके भी दिखाया। पंजाब में महिलाओं को 1 हजार रुपये देने की घोषणा की तो भाजपा के पेट में दर्द उठा। भाजपा नेताओं ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए खूब शोर मचाया और अब मध्य प्रदेश में दोनों ही पार्टियां आप की योजनाओं की नकल करने में जुटी है।
रानी अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के मुफ्त बिजली की गारंटी देने के बाद अब कांग्रेस ने भी मुफ्त बिजली देने का राग अलापा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को भी अब जनता की परेशानी और महंगाई नजर आने लगी है। उन्होंने कहा कि एमपी में भाजपा और कांग्रेस का घोषणाओं के पीछे मकसद केवल जनता को भ्रमित कर वोट हासिल करना है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |