Advertisement
भोपाल। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने रविवार को कहा कि देश में कांग्रेस ने 70 सालों तक राज किया, लेकिन विकास के नाम पर सिर्फ जनता के साथ धोखा किया। कांग्रेस के 70 साल के कुशासन के दंश को सबसे अधिक अनुसूचित जाति (एससी) और अल्पसंख्यक वर्ग को झेलना पड़ा। संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर बने तो कांग्रेस ने साजिश के तहत उन्हें लोकसभा में जाने से रोका। बाबा साहब को भारतरत्न न मिले, इसका भी षड्यंत्र कांग्रेस ने किया। पंच महातीर्थ के विकास को अवरुद्ध किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद सबसे अधिक गरीब कल्याण पर ध्यान दिया गया।
केंद्रीय मंत्री एवं मध्य प्रदेश के चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव भोपाल में पार्टी कार्यालय में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का एकमात्र उद्देश्य गरीबी उन्मूलन है। जब तक गरीबी नहीं हटेगी, तब तक समाज समरस समाज नहीं बन सकता। हमारा विषय समाज को समरस समाज बनाना है। भाजपा गरीब मुक्त भारत के लिए काम कर रही है, इसलिए हमें मध्य प्रदेश में अधिक से अधिक सीटों पर चुनाव जीतना होगा।
यादव ने कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में अनेक दल और पार्टियां बनीं, जिनका उद्देश्य आपस में लड़ाकर वैमनस्यता फैलाना रहा, लेकिन भाजपा का उद्देश्य हर वर्ग का समुचित विकास करना रहा। कांग्रेस के 70 सालों में देश पिछड़ने के साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग का बड़ा नुकसान हुआ, क्योंकि कांग्रेस ने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की है। इसी का परिणाम है कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी तक ही सिमटकर रह गई।
उन्होंने कहा कि पार्टी के संगठनात्मक विकास में मोर्चों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। मोर्चा पार्टी का ही अग्रिम दस्ता है, जो वर्ग विशेष के विषय को लेकर जनता के बीच जाता है और काम करता है। भाजपा की राजनीति का उद्देश्य सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास है। कांग्रेस ने 70 सालों तक राज तो किया लेकिन गरीबी नहीं हटी। सामाजिक मान्यताओं के विषय जो पीछे छूटे हुए थे, उन्हें आगे बढ़ाने काम भाजपा सरकार कर रही है। बाबा साहब के पंचतीर्थ से लेकर संत रविदास मंदिर निर्माण की आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रखी गई है। यहां तक कि विदेश दौरे में भी प्रधानमंत्री ने इसका उल्लेख कर संत रविदास का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा के चुनाव हैं, ऐसे में बहुत सारे भ्रम फैलाए जाएंगे, इनका जवाब देने के लिए हमें काम करना होगा। समाज के अंदर द्वंद्व फैलाने वालों को जवाब देने के लिए हमें एकजुटता के साथ काम करना होगा। इस लड़ाई के लिए हमें नियमित बैठकें कर समाज को जागरूक करना होगा। साथ ही 150 सीटों के विजय संकल्प के अभियान को लेकर आगे बढ़ना होगा, तभी हम प्रधानमंत्री के सही अर्थों में आत्मनिर्भर भारत के लिए तैयार हो पाएंगे।
हर वर्ग के चहुंमुखी विकास की योजनाएं हमारी ताकतः विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है। मिस्टर बंटाढार की सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया। जबकि करप्टनाथ की सवा साल की सरकार में वल्लभ भवन दलाली का अड्डा बन गया था। इन्होंने सिर्फ जनता से झूठे वादे किए। जबकि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है।
उन्होंने कहा कि अजा मोर्चा को हारने वाले बूथों पर सबसे अधिक ध्यान देना होगा। आज मुस्लिम समाज का भी भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है। सरकार की योजनाओं से इस वर्ग का जीवन स्तर बदला है। इसी का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जाति वर्ग का सबसे अधिक वोट भाजपा को मिला है। मोर्चा कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचकर सरकार की नीतियों से रूबरू कराकर उन्हें भाजपा के प्रति विश्वास दिलाना है। बैठक को पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भी संबोधित किया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |