Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस राज्य सरकार को घोटालों और भ्रष्टाचार के माध्यम से घेरने की तैयारी में है। एक दिन पहले ही शुक्रवार को कांग्रेस ने घोटाला शीट जारी कर सरकार पर बड़ा हमला बोला था। वहीं आज शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने घोटालों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने शिवराज सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से जनता से माफी मांगने की मांग की है।
कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कांग्रेस पार्टी ने शिवराज सरकार के 18 वर्ष के सैकड़ों घोटालों की सूची जनता के सामने रख दी है। मैं मुख्यमंत्री से आशा करता हूं कि वह एक-एक घोटाले के बारे में जनता से माफी मांगे और खुद सहित सभी आरोपियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करें। क्योंकि घोटालों में जो लाखों करोड़ रूपया उड़ाया गया है वह मध्यप्रदेश की सम्मानित जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा है।
कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह घोटालों का जवाब देने के बजाय 'खिसियानी बिल्ली, खंबा नोचे' वाली कहावत पर काम कर रहे हैं, वह लोकतंत्र के हित में नहीं है। यह घोटाले नहीं शिवराज जी की असली 'सीखो, कमाओ योजना' है। जिसमें शिवराज जी खुद भ्रष्टाचार करते हैं और दूसरों को घोटालों से कमाना सिखाते हैं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |