Advertisement
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह द्वारा बजरंग दल को लेकर दिये गए बयान पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने निशाना साधा है। उन्हाेंने कहा है कि दिग्विजय सिंह जी का आई फ्लू अब दूर हो रहा है और अब उन्हें बजरंग दल में अच्छे लोग नजर आ रहे हैं।
गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए दिग्विजय सिंह द्वारा बजरंग दल पर बैन लगाने के बयान पर कहा कि राष्ट्र भक्तों के संगठन बजरंग दल पर मध्यप्रदेश में प्रतिबंध लगाना तो दूर की बात है, कोई इस विषय में सोच भी नहीं सकता। कुछ लोगों का आई फ्लू अब ठीक हो रहा है। कुछ दिनों में सारे जाले साफ हो जाएंगे। पहले पाकिस्तान जिंदाबाद-काजी साहब जिंदाबाद सुनाई देता था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हिंदू और हिंदुत्व को अलग करने की सोच रखने वाले चुनावी हिंदू कांग्रेस के नेता चुनाव आते ही महाकाल जाने के साथ कांवड और कथा करवाने लगे हैं। लोग सब समझते हैं, यह मेवात पर नहीं बोले, उज्जैन में जब पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे थे तब यह नहीं बोले।
दिग्विजय सिंह के एससी बहुल क्षेत्रों के दौरे पर पलटवार करते हुए गृहमंत्री मिश्रा ने कहा कि वे जहां-जहां जाएंगे वहां सुपड़ा साफ हो जाएगा। गुलाम नबी आजाद का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति गुलाम नबी आजाद जी जैसे लोगों को सच बोलने से रोकती आ रही थी। वो कांग्रेस से दूर होने के बाद सच बोल पाए। कांग्रेस सच बोलने से रोकती है। गुलाम नबी ने सबके पूर्वजों को बताया था हिंदू।
सतना नाबालिग से दुष्कर्म का केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा
सतना में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में गृहमंत्री मिश्रा ने कहा कि सतना में मासूम के साथ घृणित कृत्य करने वाले व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के साथ अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मानसिक बीमार टाइप के लोग हैं। यह बहुत घृणित कृत्य है। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला भेजा जाएगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |