Advertisement
मुरैना। एक दिवसीय मुरैना भ्रमण पर आये पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान जहां भाजपा पर भ्रष्टाचार तथा केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर लालच से उपलब्धि लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सिंधिया द्वारा कांग्रेस पर किये जा रहे हमले भाजपा से मिली विशेष उपलब्धियों के कारण निरंतर बदल रहे रंग का परिणाम है। उन्होंने कांग्रेस को छोडक़र भाजपा में जाने पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों को जयचंद बताया।
जयवर्धन सिंह ने मंत्रियों व विधायकों पर मतदाताओं का अपमान करने का आरोप लगाया। एक प्रश्न के जबाव में कांग्रेस छोडक़र गये नेताओं के कांग्रेस ने वापस आने पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाताओं का अपमान करने वालों को कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।
जयवर्धन सिंह बुधवार को मुरैना में अजाक्स द्वारा आयोजित विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह में भाग लेने के लिये आये हुये थे। यह कार्यक्रम जीवाजीगंज स्थित टाउन हॉल में आयोजित किया गया था। मुरैना विधायक की अनुशंसा पर जीवाजीगंज स्थित पार्क में खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा ओपन जिम स्थापित की गई है। इसका भी शुभारंभ जयवर्धन सिंह द्वारा किया गया। उनके साथ महापौर शारदा राजेन्द्र सोलंकी, मुरैना विधायक राकेश मावई, दिमनी विधायक रविन्द्र सिंह तोमर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता थे। यह जिम आमजन के बेहतर स्वास्थ्य के लिये लगाई गई। जिम शुभारंभ के पश्चात पत्रकारों से चर्चा करते हुये भाजपा पर महाकाल लोक, कारम डेम, पटवारी भर्ती सहित अन्य घोटालों का आरोप लगाया। उन्होंने अस्पष्ट रूप से पैसे लेकर काम करने का आरोप भाजपा पर लगाया।
सिंह ने सार्वजनिक रूप से यह दावा किया कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ की कांग्रेस सरकार बनने पर युवाओं को पैसे की दम पर नहीं बल्कि योग्यता के आधार पर रोजगार व नौकरी का अवसर दिया जावेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा युवाओं को मौका दिये जाने के जबाव में कहा कि कमलनाथ सरकार द्वारा अपने मंत्रीमण्डल में अधिक से अधिक युवाओं को मौका दिया था।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |