Advertisement
छतरपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सोमवार सुबह छतरपुर जिले के महाराजपुर गांव पहुंचे और दिवंगत पूर्व राज्य मंत्री रामदयाल अहिरवार के अंतिम दर्शन कर उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके साथ ही उन्होंने परिजनों ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रामदयाल अहिरवार लोकप्रिय नेता और समर्पित जनसेवक थे। वह भारतीय जनता पार्टी के ऐसे कार्यकर्ता थे, जिन्होंने बचपन से पार्टी के काम को विस्तार देने के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया था।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वर्गीय अहिरवार संघ के स्वयंसेवक व समाजसेवी थे। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने अनेक उल्लेखनीय कार्य किये। वह छह बार विधायक रहे, उनके बारे में कहा जाता था कि वह परमानेंट विधायक हैं। मैं उनके श्री चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ। परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करता हूँ कि वह दिवंगत आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को गहन दु:ख सहन करने की क्षमता प्रदान करें।
उल्लेखनीय है कि छतरपुर जिले के कद्दावर भाजपा नेता रामदयाल अहिरवार का रविवार को अपने छतरपुर स्थित निवास पर 75 साल की उम्र में निधन हो गया था। वे लंबे समय से बीमार थे। परिजनों को उनके शव को अपने गृह नगर महाराजपुर तक शव वाहन नहीं मिला। इसलिए उन्हें निजी वाहन को 2200 रुपये देकर ले जाना पड़ा। परिजनों ने आरोप लगाया कि पिछले आठ महीने से अहिरवार का स्वास्थ्य खराब था। कोई भी उन्हें देखने और उनका हाल-चाल जानने के लिए नहीं आया। ऐसी पार्टी किस काम की जो अपने नेता के बुरे वक्त में पूछती तक नहीं। पार्टी के समर्पित नेता को देखने पार्टी के नेताओं को आना चाहिए था।
अहिरवार चंदला विधानसभा क्षेत्र से छह बार विधायक रहे हैं। वे भाजपा सरकार में गृहराज्य मंत्री के पद पर भी रहे। वे 1977, 1990, 1993, 1998, 2003 और 2008 में विधानसभा सदस्य चुने गए। इसके अलावा वे संगठन में भी कई पदों पर रहे है। वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कार्यकाल में दो बार मंत्री रहे। साल 2008 में वे परिवहन और गृह मंत्री रहे। इसके बाद 2012 में सिंचाई में मंत्री के पद पर रहे। उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। सोमवार को उनके पैतृक गांव महाराजपुर में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हजारों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि रामदयाल अहिरवार भाजपा के ऐसे कार्यकर्ता थे, जिन्होंने इस क्षेत्र में पार्टी को खड़ा किया। उनका जाना केवल इस क्षेत्र के लिए नहीं प्रदेश के लिए अपूर्णीय क्षति है। एक कार्यकर्ता के नाते उन्होंने जो काम किया उसको इस क्षेत्र और प्रदेश में भाजपा याद तो रखेगी ही। उनका जाना पूरी भाजपा शोकाकुल है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |