Advertisement
रतलाम/भोपाल। कांग्रेस ने सालों तक देश और प्रदेश में राज किया पर विकास के नाम पर जनता को छलने का काम किया है। जनता के साथ झूठ बोलकर गुमराह करने का प्रयास किया तो इसी तरह के मामले दर्ज होंगे। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, यहां छल-कपट की राजनीति बिलकुल भी नहीं चलेगी।
यह बात भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार को आलोट नगर में आयोजित विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यदि भारतीय जनता पार्टी की जनहितैषी सरकार के खिलाफ झूठ बोलकर इस तरह से बदनाम करने का प्रयास किया तो पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस के काले कारनामों को उजागर करने का काम करेंगे। विकास के आगे कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह भाजपा सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रही है। लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता भी चुप नहीं रहने वाला है। भाजपा दो तिहाई बहुमत से फिर चुनाव जीतेगी और पुनः सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य की सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग का विकास हुआ है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की गरीब कल्याण योजनाओ से देश के 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं। मोदी को हराने के लिए एक दूसरे के विरोधी दल दिल्ली में आकर एक हो गए है, लेकिन उनके मनसूबे कभी भी पूरे नहीं होंगे।
विजयवर्गीय ने चुटकी लेते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने घोषणा की थी कि मैं कांग्रेस की मैयत में भी नहीं जाऊंगा, लेकिन आज वही कांग्रेस से हाथ मिला रहे हैं। देश में मोदी के नाम की आंधी चल रही है, जिसमे सभी दल उड़ जायेंगे। सम्मलेन में उन्होंने कार्यकर्ताओ से रतलाम जिले की पांचों सीटों पर जीत का संकल्प लेने का आव्हान किया।
कांग्रेस के काले कारनामों को जनता के बीच लेकर जाएंगे कार्यकर्ता
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस के नेता जनता में भ्रम का वातावरण पैदा करते हैं, रोज सुबह उठते ही नया झूठ जनता के बीच ले जाते हैं, लेकिन जनता इन्हें नकारती है। जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है। इनके काले कारनामों को लेकर पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |