Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नए-नए जिले बनाने के ऐलान को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर घेरा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में घोषणावीर मुख्यमंत्री नए जिलों को बनाते जा रहे हैं लेकिन उनके विकास और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कोई काम नहीं किया जा रहा है। सालों पहले बने आगर-मालवा और निवाड़ी जैसे जिलों का समुचित विकास भी नहीं हो पाया, हालात जस के तस हैं।
रानी अग्रवाल ने कहा कि नए-नए जिले बनाकर भाजपा सरकार केवल चुनावी फायदा लेना चाहती है लेकिन नए जिले बनाने के पीछे इलाकों के विकास की मंशा पीछे छूट जाती है। उन्होंने कहा कि जनभावना को देखते हुए शिवराज सिंह चौहान हर जगह जाकर नए जिले बनाने का ऐलान कर रहे हैं। नागदा और मऊगंज जिला बनाने का ऐलान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि आखिर नए जिले बनाने से क्या बदलने वाला है। 10 साल पहले आगर मालवा और 5 साल पहले निवाड़ी जिला बना था लेकिन आज भी इन जिलों का समुचित विकास नहीं हो पाया।
रानी अग्रवाल ने कहा कि निवाड़ी और आगर-मालवा में न तो उचित इंफ्रास्ट्रक्चर है और न ही प्रशासनिक व्यवस्था बन पाई है। प्रदेश की सरकार को जनभावना और विकास से कुछ लेना-देना नहीं हैं। प्रदेश की सरकार केवल नए-नए ऐलान और घोषणाओं से चुनाव में जनता के वोट बटोरना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच विकास करने की नहीं बल्कि सत्ता हासिल करने की हमेशा से ही रही है। मुख्यमंत्री हर जगह बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो कर देते हैं लेकिन उन घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर सरकार के पास कोई रणनीति नहीं हैं और न ही कोई बजट। रानी अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की सरकार को साफ दिख रहा है कि अबकी बार भाजपा की सरकार नहीं बनने वाली। झूठे वादे और घोषणाएं करने वाली सरकार को अबकी बार मध्य प्रदेश की जनता सबक सिखाएगी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |