Video

Advertisement


भाजपा सरकारों ने नहीं छोड़ी विकास में कोई कसर: केंद्रीय मंत्री तोमर
ujjain,BJP governments ,Union Minister Tomar

उज्जैन। केंद्रीय कृषि मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकारों ने जनकल्याणकारी कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मध्य प्रदेश सरकार ने लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना जैसी योजना चलाई जिससे महिलाओं का आत्मसम्मान बढ़ा है। वहीं, केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत जैसी कई योजनाएं चलाईं जिनसे जनता का कल्याण हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने जनधन खाते खोले और आज सरकार योजनाओं के पैसे सीधे उनके खाते में डाल रही है, इससे गरीब व्यक्ति को सीधा लाभ मिल रहा है।

केन्द्रीय मंत्री तोमर बुधवार को उज्जैन संभागीय कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि राष्ट्र और प्रदेश को परम वैभव की ओर ले जाने का काम आप भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ही कर सकते हैं। जब-जब आप दृढ़ निश्चय के साथ मैदान में उतरे हैं तब-तब पार्टी ने बहुमत से जीत हासिल की है। आने वाले समय में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों में जीत के लिए आपको अभी से जुटना होगा। तभी राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाने की हमारी संकल्पना पूरी होगी।

 

उन्होंने प्रदेश के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2003 के पहले मध्य प्रदेश में मि. बंटाधार मुख्यमंत्री हुआ करते थे और प्रदेश की सड़कों पर चुटकुले बनने लगे। 2003 के बाद से जब से भाजपा की सरकार आई है, प्रदेश की सभी सड़कें बढ़िया हो गई हैं। पहले उज्जैन से भोपाल जाने में 4 से 5 घंटे लगते थे और गड्ढों का सामना करना पड़ता था। अब स्थिति यह है कि उज्जैन से भोपाल जाने में सिर्फ 2 घंटे का समय लग रहा है। आधे दिन में ही व्यक्ति काम निपटा कर भोपाल से उज्जैन वापस आ सकता है। प्रदेश में पहले सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे। अब मेडिकल कॉलेज की संख्या 25 के करीब हो गई है।

 

सरकार और संगठन ने मिलकर की पीड़ितों की सेवा

उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है, जिसने कोरोना महामारी के समय सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर जनता की काफी मदद की। हमारी पार्टी का कार्यकर्ता प्राण-प्रण और तन, मन एवं धन से जरूरतमंदों की सेवा में जुटा हुआ था। हमारी सरकारों ने जरूरतमंदों को दवाएं, राशन उपलब्ध कराकर कठिन समय में उनकी सहायता की। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने काफी कम समय में चिकित्सा उपकरण और दो-दो वैक्सीन उपलब्ध कराई और देश की जनता को उस महामारी से बचाया।

 

बूथ स्तर पर योजनाओं का प्रसार करें कार्यकर्ता

केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने खूब जन कल्याणकारी काम किए हैं और विकास भी किया है। लेकिन अब फिर से विधानसभा चुनाव आ रहे हैं और एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए आप कार्यकर्ताओं को लगना पड़ेगा। आप सबको बूथ स्तर तक जाकर सरकार की योजनाओं का ठीक ढंग से प्रचार-प्रसार करना होगा तभी विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनावों में हमारी जीत होगी।

 

पूर्व आरटीओ बोरासी एवं कांग्रेस नेता व्यास ने ली भाजपा की सदस्यता

बैठक के दौरान पूर्व आरटीओ जगदीश चंद्र बोरासी तथा कांग्रेस के नेता रूपम व्यास ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। केंद्रीय मंत्री तोमर ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया।

Kolar News 2 August 2023

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2024 Kolar News.