Advertisement
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अनुशासन के दायरे में रहने और मर्यादा में बंधे रहने के कारण पुलिसकर्मी अपनी समस्याओं से अवगत नहीं करवाते, न ही कोई मांग-पत्र आदि देते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री जी की शहडोल यात्रा के समय उन्होंने मैदानी पुलिस बल के सदस्यों से चर्चा में उनकी समस्याएं पूछीं तो वे मौन रहे, लेकिन फील्ड में पुलिसकर्मियों की समस्याएं देखने को मिलती हैं। ऐसे में पुलिस जवानों की सुविधाएं बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।मुख्यमंत्री चौहान आज समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में उनसे मिलने पहुंचे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों सहित पुलिस बल के मैदानी अमले को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा प्रदेश के पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के हित में की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं के लिए पुलिस-बल ने आज मुख्यमंत्री निवास पहुँचकर उनका आभार व्यक्त किया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पुलिस-बल के कल्याण की महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उप पुलिस अधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, कंपनी कंमाडर, उप निरीक्षक और आरक्षकों ने पुष्प-गुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री श्री चौहान का आभार व्यक्त किया। पुलिस कमिश्नर हरि नारायणचारी मिश्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित निरीक्षक, उप निरीक्षक, आरक्षक उपस्थित थे।मुख्यमंत्री चौहान ने पुलिसकर्मियों के दो बच्चों को भी मंच पर बिठाया और उन्हें प्यार-दुलार किया। मुख्यमंत्री चौहान ने पुलिस कर्मियों के कक्षा पांचवी में पढ़ने वाले दो बच्चों अव्यान शुक्ला और युवान ठाकुर को मंच पर अतिथियों की तरह साथ बिठाया। दोनों बच्चे काफी देर मुख्यमंत्री श्री चौहान से बातें करते रहे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |