Advertisement
रीवा। जिला मुख्यालय स्थित सिविल लाइन थाना परिसर में गुरुवार को थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा को वहां पदस्थ एएसआई बृजराज सिंह ने गोली मार दी। घायल थाना प्रभारी को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। थाना प्रभारी की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद थाने में अफरा तफरी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाने में पदस्थ एएसआई बृजराज सिंह गुरुवार को दोपहर करीब ढाई बजे थाने पहुंचे थे। उस समय थाना प्रभारी हितेन्द्र नाथ शर्मा अपने चैंबर में फाइलें देख रहे थे। बीआर सिंह ने पूछा कि मुझे लाइन किसने भेजा। इस पर थाना प्रभारी ने कहा कि यह एसपी साहब की व्यवस्था है, उनसे पूछो तो बेहतर होगा। इसके बाद बीआर सिंह ने अपनी पिस्टल निकालकर उन्हें गोली मार दी। थाना प्रभारी शर्मा को दो गोलियां लगी हैं। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जिस चैंबर में यह घटना हुई, उसे पुलिस वालों ने बाहर से बंद कर दिया है और एएसआई बीआर सिंह चैम्पर में ही मौजूद हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि एएसआई बीआर सिंह सिविल लाइन थाने में थाना प्रभारी शर्मा के अधीनस्थ थे। बताया जाता है कि सीनियर पद पर होते हुए भी बीआर सिंह नशा करते थे। उनके खिलाफ नशाखोरी के चलते कुछ विभागीय जांचें चल रही थीं। उन्हें सात दिन पहले किसी मामले में पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन अटैच किया गया था।
सीएसपी शिवाली चतुर्वेदी ने बताया कि थाना प्रभारी के बाएं कंधे में गोली धंसी है। उनकी हालत गंभीर है। पता चला है कि एसआई बीआर सिंह हमेशा हीन भावना से काम करते थे। वह सीनियर थे, लेकिन अपने कारनामों के चलते प्रमोशन नहीं ले पाए। ऐसे में जूनियर का आदेश मानना उन्हें अच्छा नहीं लगता था, इसीलिए आक्रोशित होकर घटना को अंजाम दिया। इधर, अस्पताल में भर्ती थाना प्रभारी को ब्लड डोनेट करने के लिए अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। डीआईजी मिथिलेश शुक्ला भी उनका हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे हैं।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |